spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

हिंगना माउंट-व्यू स्टेशन पर पहला आई-गर्डर स्थापित

– लोकमान्य नगर-हिंगना कॉरिडोर पर शुरू हुआ गर्डर निर्माण कार्य

नागपुर :- नागपुर मेट्रो के फेज-2 विस्तार के तहत लोकमान्य नगर से हिंगना को जोड़ने वाले 6.4 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। महामेट्रो ने हिंगना माउंट-व्यू स्टेशन पर पहले आई-गर्डर की स्थापना कर स्टेशन के संरचनात्मक निर्माण के अगले चरण की शुरुआत कर दी है। इस कॉरिडोर पर कुल सात एलिवेटेड स्टेशन बनाए जा रहे हैं।

स्टेशन निर्माण का कार्य मार्च 2025 में शुरू हुआ था। महामेट्रो के अनुसार, प्रत्येक स्टेशन पर आई-गर्डर लगाए जाएंगे। एक स्पैन में कुल 15 गर्डर होंगे, जिनमें नौ कॉन्कोर्स स्तर और छह प्लेटफॉर्म स्तर पर लगाए जाएंगे। कॉन्कोर्स स्तर के गर्डर का वजन 27 से 45 टन, जबकि प्लेटफॉर्म स्तर के गर्डर का वजन 37 से 45 टन तक है। प्रत्येक स्टेशन पर कुल 60 आई-गर्डर लगाए जाएंगे। इनमें 36 कॉन्कोर्स और 24 प्लेटफॉर्म स्तर पर होंगे। गर्डर की स्थापना के लिए 80 टन क्षमता वाली दो क्रेनों से बीच के तीन कॉन्कोर्स गर्डर लगाए जाएंगे, जबकि शेष गर्डरों के लिए 500 टन क्षमता वाली क्रेन का उपयोग किया जाएगा।महामेट्रो अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक स्टेशन पर गर्डर स्थापना, स्लैब निर्माण और दोनों स्तरों के अन्य संरचनात्मक कार्य करीब 45 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य है। परियोजना की समयसीमा बनाए रखने के लिए कई स्टेशनों पर एक साथ काम किया जा रहा है।

यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता

कॉन्कोर्स स्तर पर टिकट काउंटर, लिफ्ट, एस्केलेटर, शौचालय और शिशु देखभाल जैसी यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह प्रवेश-निकास क्षेत्रों और प्लेटफॉर्म के बीच ट्रांसफर लेवल के रूप में भी काम करेगा। सातों स्टेशनों पर प्रवेश और निकास से जुड़े कार्य जारी हैं। रीच-3ए के पहले 4 किलोमीटर हिस्से को अगस्त 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.