– क्राइम ब्रांच के वाहन चोरी विरोधी पथक की कार्रवाई, 1.30 लाख का माल जब्त
नागपुर :- क्राइम ब्रांच के वाहन चोरी विरोधी पथक ने रिकॉर्ड पर दर्ज अपराधी गवलीपुरा, बड़ी मस्जिद के पास, सदर, नागपुर निवासी योगेश यादवलाल सिरिया (28) को दो देसी पिस्टल और 14 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने कुल करीब 1.30 लाख रुपये का माल जब्त किया।
पुलिस के अनुसार, वाहन चोरी विरोधी पथक के पुलिस हवलदार रोशन तिवारी को गुप्त सूचना मिली थी कि योगेश सिरिया के पास पिस्टल है और उसकी लाल रंग की मोपेड क्रमांक एमएच-31/ एफजे-6747 की डिक्की में कारतूस रखे हुए हैं। आरोपी के धरमपेठ-सीताबर्डी स्थित आनंद झेरॉक्स सेंटर के सामने मौजूद होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो देसी पिस्टल, 14 जिंदा राउंड, चार खाली मैगजीन, मोपेड और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने पिस्टल कुछ दिन पहले सदर के गोंडवाना चौक, खदान बस्ती निवासी अज्जू गाते से खरीदने की जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जरीपटका थाने के एक हथियार तस्करी मामले में मुख्य वांछित आरोपी था। 29 अगस्त 2026 को आकाश राजन थापा के कब्जे से तीन देसी पिस्टल और राउंड बरामद किए गए थे। इसी मामले में योगेश सिरिया फरार चल रहा था। सीताबर्डी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेंद्र दाभाड़े, पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल और सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) वैभव जाधव के मार्गदर्शन में की गई। वाहन चोरी विरोधी पथक के प्रभारी पुलिस निरीक्षक दिलीप चंदन सहित टीम और साइबर सेल के पुलिस उपनिरीक्षक विवेक झिंगरे व उनकी टीम ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





