– शिक्षण सभापति संतोष देवी लाढ्ढा के मार्गदर्शन में प्राचार्यों की बैठक
नागपुर :- नागपुर महानगरपालिका के प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी और आवश्यकता को देखते हुए भर्ती प्रक्रिया को गति देने के लिए शुक्रवार को स्टैंडिंग कमेटी हॉल, डॉ. पंजाबराव देशमुख स्मृति स्थायी समिति हॉल में प्राचार्यों की मार्गदर्शन बैठक आयोजित की गई। बैठक शिक्षण सभापति संतोष देवी दीपक लाढ्ढा के मार्गदर्शन में हुई।
बैठक में शिक्षण अधिकारी अमित भदाने, डॉ. मेघना वासनकर, डिप्टी एजुकेशन विभाग तथा उपशिक्षण अधिकारी सुभाष उपासे सहित महानगरपालिका के प्राथमिक विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे। शिक्षण अधिकारी भदाने ने प्राचार्यों को शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की जानकारी दी। उन्होंने शाला समिति के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, नियमों तथा प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। डॉ. मेघना वासनकर और उपशिक्षण अधिकारी सुभाष उपासे ने भी प्राचार्यों का मार्गदर्शन करते हुए उनकी शंकाओं का समाधान किया। बैठक का उद्देश्य विद्यार्थियों की संख्या और विद्यालयों की वास्तविक आवश्यकता के अनुसार शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा भर्ती प्रक्रिया को नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाना था। प्राचार्यों को अपने-अपने विद्यालयों की आवश्यकता के अनुरूप प्रक्रिया पूरी करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर शिक्षण सभापति संतोष देवी लाढ्ढा ने कहा कि मनपा विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की उपलब्धता जरूरी है। अधिकारियों और प्राचार्यों के समन्वय से भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए विद्यालयों की आवश्यकता के अनुसार शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।





