– एलसीबी की कार्रवाई, 1.32 लाख रुपये का माल जब्त
नागपुर :- अवैध रूप से हथियार लेकर घूम रहे दो आरोपियों को नागपुर ग्रामीण की स्थानीय अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से देसी बनावटी माउजर, दो कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक मोपेड वाहन सहित कुल 1 लाख 32 हजार रुपये का माल जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ बोरी थाने में भारतीय हथियार कानून की धारा 3 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को स्थानीय अपराध शाखा की टीम बोरी पुलिस थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले की समानांतर जांच कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर जानकारी मिली कि दीक्षित नगर, ऑटोमोटिव चौक, नागपुर निवासी वैभव उर्फ गोल्डी कमलादास नारनवरे (32) अपने साथी के साथ बूटीबोरी और एमआईडीसी क्षेत्र में हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वैभव उर्फ गोल्डी और उसके साथी सातगांव, तह. हिंगना, जि.नागपुर निवासी दीप सिंह उर्फ चिंटू दारा सिंह बावरी (32) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से लोहे का देशी बनावटी माउजर और दो कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये कीमत का देसी माउजर, 2 हजार रुपये के दो कारतूस, वारदात में इस्तेमाल मोपेड क्रमांक एमएच-36/ एएच-4997 औ र दो मोबाइल सहित कुल 1 लाख 32 हजार रुपये का माल जब्त कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी वैभव ने बोरी थाना क्षेत्र में केबल चोरी की वारदात में शामिल होने की जानकारी दी है। मामले की आगे जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई नागपुर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के के मार्गदर्शन तथा स्थानीय अपराध शाखा के प्रभारी पुलिस निरीक्षक अंकुश माने के नेतृत्व में की गई।





