spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

मलपुरी की जिप स्कूल में गंदगी का अंबार

– बारिश में जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा, ग्रामीणों ने सफाई व्यवस्था पर उठाए सवाल

देवेन्द्र दमाहे,गोंदिया :- गोरेगांव तहसील के मलपुरी गांव स्थित जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय में साफ-सफाई की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय परिसर के आसपास जगह-जगह कचरा जमा है, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। बारिश के मौसम में यहां सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीव-जंतुओं के आने का खतरा भी बढ़ गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय परिसर की नियमित सफाई नहीं होने से बच्चों के लिए परेशानी की स्थिति बनी हुई है। उनका कहना है कि इस संबंध में मुख्याध्यापक और शाला व्यवस्थापन समिति को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। दीपक लटये, शंकर कुर्वे, शंकर चनाप, गजू चौहान और बाबू राऊत सहित ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में कचरे के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए परिसर की नियमित सफाई और निगरानी जरूरी है।

शिक्षा विभाग ने दिया निरीक्षण का आश्वासन

मामले में पंचायत समिति गोरेगांव के शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में कचरा जमा होने की जानकारी मिलने पर उसे तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाएगी। विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित केंद्रप्रमुख और मुख्याध्यापक को सूचना देने के साथ स्वयं विद्यालय परिसर का निरीक्षण करने की बात कही।

मुख्याध्यापक ने कहा, कराई जा रही सफाई

मलपुरी जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय के मुख्याध्यापक मनोज चाचेरे ने बताया कि परिसर में जहां पहले कचरा जमा था, वहां दवा का छिड़काव कर सफाई कराई गई है। उन्होंने स्वीकार किया कि विद्यालय के कुछ हिस्सों में अभी भी कचरा मौजूद है। उन्होंने कहा कि शेष कचरा भी जल्द हटाकर परिसर की सफाई कराई जाएगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यालय का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर नियमित सफाई, दवा का छिड़काव और परिसर की निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.