नागपुर :- बूटीबोरी पुलिस थाना अंतर्गत अंजनगांव के जंगल क्षेत्र में जमीन के नीचे एक 38 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दर्शन मानाराम उर्फ दिनेश मरसाराम (38) के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, युवक शनिवार को घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी इसकी जानकारी दी। इसी दौरान एक रिश्तेदार ने आशंका जताई कि युवक अंजनगांव के जंगल क्षेत्र में हो सकता है। पुलिस ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए जंगल में तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान एक संदिग्ध स्थान दिखाई देने पर वहां खुदाई की गई। जमीन के नीचे से युवक का शव बरामद हुआ। घटनास्थल से दो कटे हुए नींबू तथा हल्दी-कुमकुम भी मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को जंगल में किसने दफन किया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृतक के परिजनों, रिश्तेदारों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण तथा घटना में शामिल लोगों के बारे में स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।





