– कैनाल रोड पर कार को ओवरटेक कर रोका, CCTV के आधार पर तलाश
नागपुर :- धरमपेठ इलाके में वाइन शॉप संचालक से फिल्मी स्टाइल में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने पहले वाइन शॉप से संचालक का पीछा किया और कैनाल रोड पर उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद कार पर पत्थर बरसाए और चाकू लहराकर धमकाया। हमले की आशंका के चलते संचालक वहां से भागे, इसी दौरान बदमाश कार में रखा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में करीब चार से साढ़े चार लाख रुपये की नकदी और लैपटॉप था।
जानकारी के अनुसार, कॉफी हाउस चौक स्थित जोहरी वाइन शॉप के संचालक सागर जोहरी गुरुवार रात करीब 10.55 बजे कार से घर के लिए निकले थे। आरोप है कि वाइन शॉप से निकलने के बाद लाल रंग की कार और बाइक सवार बदमाश उनका पीछा करने लगे। कैनाल रोड पर बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रास्ता रोक दिया। इसके बाद कार सवार बदमाशों ने पत्थरों से हमला कर कार का शीशा तोड़ दिया। इसी दौरान बाइक पर चार-पांच युवक और पहुंच गए। आरोप है कि बदमाशों ने चाकू लहराते हुए सागर जोहरी को धमकाया। अपनी जान को खतरा देख वे मौके से भाग गए। इसी बीच बदमाश कार में रखा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद सागर जोहरी ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। अंबाझरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के साथ ही वाइन शॉप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपियों के वाइन शॉप से ही संचालक का पीछा करने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को शराब दुकानें बंद रहने वाली थीं, जिसके चलते गुरुवार को दुकान पर ग्राहकों की भीड़ थी। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों को संचालक के पास बड़ी मात्रा में नकदी होने की जानकारी थी। वारदात वाली जगह से कुछ दूरी पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का निवास भी स्थित है। फिलहाल, अंबाझरी पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।




