नागपुर :- बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से बार-बार शारीरिक संबंध बनाने और उसके दस्तावेजों का कथित रूप से दुरुपयोग कर लोन पर मोबाइल लेने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 32 वर्षीय अभिलापा खानापुरे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी फिलहाल नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, 29 वर्षीय पीड़िता इवेंट मैनेजमेंट के क्षेत्र में काम करती है। उसकी आरोपी से पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों इवेंट मैनेजमेंट का काम करते थे। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पीड़िता का विश्वास हासिल किया और उससे शादी करने का वादा किया। आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने पीड़िता के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इसके अलावा पीड़िता के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर लोन पर मोबाइल फोन लिया गया। आरोपी ने मोबाइल की किस्तें खुद भरने की बात कही थी, लेकिन बाद में किस्तें नहीं भरीं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अब शादी करने से इनकार कर रहा है और उसे धमकी भी दे रहा है। शिकायत के आधार पर बेलतरोड़ी पुलिस ने दुष्कर्म की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




