नागपुर :- बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में फूड डिलीवरी एजेंट बनकर घर में घुसकर लूट की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एमबीए कॉलेज रोड स्थित मॉडर्न मिल सोसाइटी में दो युवक बाइक से पहुंचे और पार्सल देने के बहाने एक घर का दरवाजा खुलवाया। आरोप है कि घर में दाखिल हुए युवक ने 61 वर्षीय महिला के गले पर चाकू रखकर उनकी चेन छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान घर में मौजूद बच्ची ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी। पड़ोसियों के मौके पर पहुंचने के बाद एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे की है। एमबीए कॉलेज रोड स्थित मॉडर्न मिल सोसाइटी में दो युवक बाइक से पहुंचे थे। दोनों ने फूड डिलीवरी एजेंट जैसी टी-शर्ट पहन रखी थी। दोनों ने पार्सल देने के बहाने घर का दरवाजा खुलवाया। इसके बाद सुमित राजेंद्र गजभिए (28) घर के अंदर दाखिल हुआ, जबकि उसका साथी दीपक पाटिल बाहर मौजूद रहा। घर के अंदर पहुंचने के बाद सुमित ने 61 वर्षीय उषा देवीदास धार्मिक को चाकू दिखाकर चेन छीनने का प्रयास किया। घटना के दौरान घर में मौजूद बच्ची को मामले की भनक लगी। उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में पड़ोसी महिला के घर की ओर पहुंचे। लोगों को अपनी ओर आता देख घर के बाहर खड़ा दीपक पाटिल मौके से फरार हो गया। वहीं, घर के अंदर मौजूद सुमित राजेंद्र गजभिए को लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी के साथ लोगों द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। सूचना मिलने के बाद बेलतरोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और सुमित को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, पुलिस के अनुसार अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। आरोपी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, उसके शरीर पर चोटों की क्या स्थिति थी और मौत का वास्तविक कारण क्या है, इसकी पुष्टि मेडिकल प्रक्रिया और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। जांच के दौरान सुमित के पास से जोमैटो की दो और स्वीगी की दो टी-शर्ट मिलने की जानकारी सामने आई है।


