spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पेंच जलशुद्धिकरण का काम अटका, पानी कटौती बढ़ी

– विश्व बैंक परियोजना के काम में देरी, जलापूर्ति सुचारु करने का प्रयास

नागपुर :- पेंच-4 जलशुद्धिकरण केंद्र (डब्ल्यूटीपी) में पाइपलाइन स्थानांतरण का काम निर्धारित समय पर पूरा नहीं होने के कारण शहर में पानी की आपूर्ति बंद रहने की अवधि बढ़ा दी गई है। मंगलवार, 6 अक्टूबर को सुबह 10 बजे शुरू हुई 36 घंटे की जलापूर्ति बंदी बुधवार, 7 अक्टूबर को रात 10 बजे समाप्त होनी थी। लेकिन विश्व बैंक परियोजना के तहत काम पूरा नहीं होने से इसे आगे बढ़ाना पड़ा। मनपा और ऑरेंज सिटी वाटर (ओसीडब्ल्यू) की टीमें काम जल्द पूरा कर जलापूर्ति बहाल करने में जुटी हैं। अधिकारियों के अनुसार, जल्द से जल्द जलापूर्ति सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।

महापौर नीता ठाकरे ने संबंधित अधिकारियों को काम युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, उपमहापौर लीला हाथीबेड ने गुरुवार शाम को मौके पर पहुंचकर काम का निरीक्षण किया। उन्होंने नागरिकों को जल्द से जल्द नियमित जलापूर्ति उपलब्ध कराने के लिए काम शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान अधीक्षक अभियंता डॉ. श्वेता बैनर्जी ने बताया कि शुक्रवार से जलापूर्ति सुचारु करने के लिए प्रयास जारी हैं। जलप्रदाय समिति की सभापति दिव्या धुरडे ने भी काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

मानकापुर नाले के पास पाइपलाइन जोड़ने का काम

वर्तमान में पाइपलाइन स्थानांतरण के तहत मानकापुर नाले के पास 1,400 मिलीमीटर व्यास वाली दो पाइपलाइनों को आपस में जोड़ने का काम किया जा रहा है। इस कार्य के पूरा होने के बाद जलापूर्ति व्यवस्था को फिर से सामान्य करने में मदद मिलेगी।

पानी का संभलकर उपयोग करने की अपील

मनपा ने जलापूर्ति बंद रहने की अवधि बढ़ने से प्रभावित नागरिकों से सहयोग करने और पानी का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि काम जल्द पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान नागरिकों को हुई असुविधा के लिए मनपा ने खेद व्यक्त किया है।

Popular Articles