– सालई फाटे के पास भीषण हादसे में पति-पत्नी की मौत
– फॉर्च्युनर की मोपेड को जोरदार टक्कर
नागपुर/सावनेर :- जिंदगी भर एक-दूसरे का साथ निभाने वाले पति-पत्नी का सफर आखिरकार मौत ने भी एक साथ ही थाम लिया। शनिवार सुबह सालई फाटे के पास हुए भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। फॉर्च्युनर कार और एक्टिवा के बीच हुई जोरदार टक्कर ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मृतकों की पहचान डोमाजी चामादेव धुंदे (65) और उनकी पत्नी प्रमिला डोमाजी धुंदे (49) के रूप में हुई है। डोमाजी धुंदे पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फॉर्च्युनर कार क्रमांक एमएच-31/एफआर-9561 नागपुर से पांढुर्णा की ओर जा रही थी, जबकि एक्टिवा क्रमांक एमएच-40/डीएफ-3287 सालई से नागपुर की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान सालई फाटे के पास दोनों वाहनों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोपेड सवार डोमाजी और प्रमिला गंभीर रूप से घायल हो गए।

मदद के लिए दौड़ी टीम, अस्पताल में घोषित किया मृत
हादसे की सूचना मिलते ही हितज्योति आधार फाउंडेशन की टीम, महामार्ग सहायक पुलिस निरीक्षक श्रीकांत कोली और केलोद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। हितेश बंसोड की मदद से दोनों घायलों को सावनेर के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।हादसे के बाद दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।
आखरी साबित हुआ जन्मदिन
मृतक डोमाजी का जन्मदिन था। दोनों पति-पत्नी किसी रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। लेकिन, तकदीर को कुछ और ही मंजूर था। डोमाजी का यह जन्मदिन आखरी जन्मदिन साबित हुआ। केलोद पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है। एक साथ जीवन बिताने वाले पति-पत्नी की इस तरह एक ही हादसे में मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।








