– कुएं से तेंदुए का रेस्क्यू, 2 जंगली सूअरों की मौत
नागपुर :- शिकार पर निकला एक तेंदुआ जंगली सूअरों के झुंड का पीछा कर रहा था। तेंदुए से बचने के लिए 3 सूअर खेत की ओर दौड़े। तेंदुए और सूअरों की रफ्तार इतनी अधिक थी कि सभी वन्यजीव खेत में मौजूद एक कुएं में गिर गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वन्यजीवों को बाहर निकाला। हादसे में 2 सूअरों की मौत हो गई जबकि 1 सूअर और तेंदुए को रेस्क्यू कर लिया गया। यह घटना कलमेश्वर में दाढ़ेरा निवासी किसान रविंद्र शामरावजी मोहतकर के खेत में हुई।
जानकारी के अनुसार कलमेश्वर के तेलकामठी गांव के पास कुएं में तेंदुए और 3 जंगली सूअर गिरने की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कुएं में तेंदुए के साथ 3 जंगली सूअर भी गिरे हुए थे। इसके बाद शुरू हुआ वन विभाग का चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन, जो करीब 3 घंटे तक चला। आखिरकार, कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालकर पिंजरे में बंद करने में सफलता मिली। हालांकि, इस घटना में 2 जंगली सूअरों की मौत हो गई। तेंदुए को आगे के उपचार के लिए नागपुर स्थित वन्यजीव उपचार केंद्र भेजा गया है।








