– पुलिस लाइन टाकली जलकुंड में सुविधा, मंडलों से लाभ लेने की अपील
नागपुर :- शहर की पारंपरिक मस्कर्या गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नागपुर महानगरपालिका की ओर से पुलिस लाइन टाकली स्थित विसर्जन कुंड में उचित व्यवस्था की गई है। शुक्रवार, 9 अक्टूबर तक शहर की 10 मस्कर्या गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है। महापौर नीता ठाकरे ने मस्कर्या गणेश प्रतिमाओं की स्थापना करने वाले सभी गणेशोत्सव मंडलों से मनपा द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का अधिक से अधिक संख्या में लाभ उठाने की अपील की है।
महापौर ठाकरे के मार्गदर्शन में विसर्जन व्यवस्था की योजना तैयार की गई है। इसमें उप महापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे, सत्ता पक्ष नेता नरेंद्र बोरकर, विपक्ष के नेता संजय महाकालकर, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन, वैद्यकीय सेवा एवं स्वास्थ्य विशेष समिति की सभापति मनीषा अतकरे, अतिरिक्त आयुक्त अंकित, मुरुगानंथम एम. और मिलिंद मेश्राम के साथ उपायुक्त राजेश भगत तथा मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
महापौर ठाकरे ने कहा कि शहर के जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए मनपा ने विसर्जन की उचित व्यवस्था की है। इससे पहले भी सार्वजनिक गणेश मंडलों के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर विसर्जन की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं, जिनका नागरिकों को लाभ मिला था। उन्होंने कहा कि पानी की कमी को देखते हुए नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पुलिस लाइन टाकली स्थित जलकुंड में व्यवस्था की गई है। सभी मस्कर्या गणेशोत्सव मंडल इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाकर नागपुर को प्रदूषणमुक्त बनाने में मनपा का सहयोग करें।








