– ‘मामा की लड़की’ रील्स से मिली पहचान, अब मराठी बिग बॉस में जाने का सपना
देवेंद्र दमाहे, गोंदिया :- महाराष्ट्र के भंडारा जिले के बेरोडी गांव के युवा लंकेश निंबार्ते सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। ‘मामा, तेरी बेटी दे, नहीं तो मेरी मां का हिस्सा दे’ जैसे मजेदार संवादों वाली उनकी ‘मामा की लड़की’ रील्स ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। आज उन्हें सोशल मीडिया पर ‘बेरोडी का लंक्या-MH 36’ के नाम से जाना जाता है।
लंकेश ने आठवीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान टिकटॉक पर वीडियो बनाना शुरू किया था। शुरुआती दौर में उन्हें खास सफलता नहीं मिली, लेकिन एक रील वायरल होने के बाद उनके फॉलोअर्स तेजी से बढ़ने लगे। टिकटॉक पर प्रतिबंध लगने के बाद वे कुछ समय तक सोशल मीडिया से दूर रहे, लेकिन अभिनय के जुनून ने उन्हें दोबारा इस क्षेत्र में सक्रिय होने के लिए प्रेरित किया। लंकेश की लोकप्रियता की खास वजह उनकी स्थानीय झाड़ीपट्टी बोली और सहज, मनोरंजक अभिनय है। उनके इंस्टाग्राम पर 2 लाख 28 हजार, फेसबुक पर 80 हजार से अधिक फॉलोअर्स और यूट्यूब पर 40 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं।
साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले लंकेश को उनके पिता अभिमान निंबार्ते का पूरा सहयोग मिला। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर डिजिटल दुनिया में पहचान बनाई है। अब उनका सपना मराठी रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में प्रवेश कर अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रस्तुत करना है।








