नागपुर :- अजनी थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से यात्रा कर रही 54 वर्षीय महिला का पर्स चोरी कर उसमें रखी सोने की चेन लेकर फरार हुई महिला आरोपी को क्राइम ब्रांच के एंटीजन स्नैचिंग टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राहाटे नगर टोली, अजनी, नागपुर निवासी उषा मोरेलाल डोंगो (40) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता मीना हरिश्चंद्र हातमोडे (54) 1 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 3 से 3.15 बजे तुकडोजी पुतला से गणेशपेठ बस स्टैंड जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुई थीं। कुछ दूरी बाद एक महिला और एक लड़की भी उसी ई-रिक्शा में सवार हुईं। गणेशपेठ बस स्टैंड पहुंचने पर मीना ने अपने बैग में रखी पर्स देखी तो वह गायब थी। पर्स में करीब 56 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन थी। तुकडोजी पुतला से मेडिकल चौक के बीच उनकी नजर चुराकर अज्ञात चोर ने पर्स चोरी कर ली थी। शिकायत के आधार पर अजनी पुलिस ने मामला दर्ज किया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी जांच और गोपनीय सूचना के आधार पर उषा डोंगो को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी महिला ने चोरी की बात स्वीकार करते हुए सोने की चेन मणप्पुरम गोल्ड फाइनेंस, अजनी शाखा में गिरवी रखने की जानकारी दी। पुलिस द्वारा चेन बरामद करने की कार्रवाई जारी है। आरोपी महिला को आगे की कार्रवाई के लिए अजनी पुलिस के हवाले कर दिया गया है।







