spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

दो प्रधानाध्यापक समेत तीन की मौत

– वाशिम जिले के तपोवन फाटे के पास दो दुपहिया वाहनों की टक्कर

नागपुर/अकोला :- वाशिम जिले में बुधवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में दो प्रधानाध्यापकों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। शेलूबाजार के पास तपोवन फाटे पर दो दुपहिया वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दोनों प्रधानाध्यापक स्कूल की संचमान्यता संबंधी काम के लिए कारंजा से वाशिम स्थित प्राथमिक शिक्षा विभाग के कार्यालय जा रहे थे। हादसे की खबर से कारंजा के शैक्षणिक क्षेत्र में शोक छा गया।

मृतकों की पहचान कारंजा नगर परिषद संचालित उर्दू प्राथमिक स्कूल क्रमांक-1 के प्रधानाध्यापक सैयद आबिद हुसैन सैयद रऊफ (56) और उर्दू प्राथमिक स्कूल क्रमांक-2 के प्रधानाध्यापक नाजिम मोहम्मद नूर मोहम्मद (57) के रूप में हुई है। दूसरी दुपहिया के चालक पिंपलगांव निवासी विजय गोविंदा चव्हाण की भी हादसे में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, दोनों प्रधानाध्यापक स्कूल के संचमान्यता संबंधी काम के सिलसिले में दुपहिया से वाशिम जा रहे थे। इसी दौरान शेलूबाजार के पास तपोवन फाटे पर सामने से तेज गति से आ रही दुपहिया ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की जान चली गई।

जनप्रतिनिधि और शिक्षक मौके पर पहुंचे

हादसे की सूचना मिलते ही कारंजा नगर परिषद के गुट नेता बिलाल पुंजानी, उपाध्यक्ष एड. फिरोज शेकुवाले, शिक्षा सभापति जाकिर शेख और नियोजन सभापति नदीम राज सहित मृतकों के परिजन और शिक्षक घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मंगरूलपीर ग्रामीण अस्पताल भेजा गया। दोनों प्रधानाध्यापकों के निधन से कारंजा नगर परिषद के शिक्षा विभाग और शिक्षक समुदाय में शोक की लहर है। शालेय कार्य के लिए निकले शिक्षकों की इस तरह असमय मौत से सभी स्तब्ध हैं।

Popular Articles