– घटना को लेकर संदेह, खापा पुलिस जांच में जुटी
नागपुर/खापा :- खापा पुलिस थाना अंतर्गत आने वाले गडमी गांव में 14 वर्षीय किशोरी का अपने ही घर में फांसी के फंदे पर लटका हुआ शव मिलने से परिसर में हडकंप मच गया। यह घटना बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे उजागर हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक किशोरी की पहचान गडमी, तहसील सावनेर, जिला नागपुर निवासी लावण्या विट्ठल गोलंगे (14) के रूप में हुई है। किशोरी की मौत की जानकारी ग्रामीणों द्वारा खापा पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक चंद्रकांत काले को दी गई। सूचना मिलने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बंसोड को भी घटना से अवगत कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही हितेश बंसोड के नेतृत्व में हितज्योति आधार फाउंडेशन की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सहायता कार्य किया। वहीं, खापा पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक पंचनामा किया और किशोरी के शव को आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए सावनेर स्थित शासकीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकीय अधिकारियों ने जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया। 14 वर्षीय किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। किशोरी की मौत से जुड़े किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। खापा पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही घटना से संबंधित वास्तविक तथ्य सामने आ सकेंगे। इस दुखद घटना से गडमी गांव में शोक का माहौल है। इतनी कम उम्र में किशोरी की इस प्रकार से हुई मौत से ग्रामीणों में गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।








