– 16 से 20 अक्टूबर तक होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम, 75 फीट का रावण बनेगा आकर्षण
नागपुर :- शहर के कस्तूरचंद पार्क में इस वर्ष रावण दहन समारोह की 75वीं वर्षगांठ मनाई जाएगी। सनातन धर्म युवक सभा की ओर से 16 से 20 अक्टूबर तक पांच दिवसीय प्लेटिनम जुबली समारोह का आयोजन किया गया है। इसमें भजन कार्यक्रम, रामलीला और रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
समारोह की शुरुआत 16 अक्टूबर को भजन जामिंग कार्यक्रम से होगी। 17, 18 और 19 अक्टूबर को रामलीला का मंचन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस बार रामलीला में पहली बार ऑडियो-विजुअल इफेक्ट्स और फायर शो का समावेश किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आम नागरिकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
75 फीट का होगा रावण
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में 20 अक्टूबर को रावण दहन किया जाएगा। इसके लिए रावण का 75 फीट, कुंभकर्ण का 65 फीट और मेघनाद का 55 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम में प्रवेश के लिए दान पास की व्यवस्था रहेगी।
सनातन धर्म युवक सभा के अध्यक्ष विनय ओबेरॉय ने बताया कि समारोह के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पद्मश्री सम्मानित सत्यनारायण नुवाल को आमंत्रित किया गया है। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों और मूल्यों का प्रचार करने के साथ नागपुर की इस पुरानी सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाना है। उन्होंने नागरिकों से प्लेटिनम जुबली समारोह में सहभागी बनने की अपील की है।








