spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पुलिस कर्तव्य स्पर्धा में सिटी पुलिस की कामयाबी

– 12 पदक के साथ राज्य में दूसरा स्थान, डॉग स्क्वॉड ने बढ़ाया मान

नागपुर :-  महाराष्ट्र राज्य पुलिस कर्तव्य सम्मेलन-2026 में नागपुर शहर पुलिस ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए कुल 12 पदक हासिल किए और राज्य स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न तकनीकी एवं वैज्ञानिक स्पर्धाओं में अपनी दक्षता साबित की। नागपुर पुलिस ने प्रतियोगिता में 4 स्वर्ण, 4 रजत और 4 कांस्य पदक जीतकर शहर पुलिस दल का गौरव बढ़ाया।

पुणे में आयोजित 21वें महाराष्ट्र राज्य पुलिस कर्तव्य सम्मेलन-2026 में 5 से 10 अक्टूबर 2026 के दौरान विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इनमें निरीक्षण परीक्षण, व्यक्ति चित्र (पोर्ट्रेट), फौजदारी कानून, न्याय वैद्यक विज्ञान (फॉरेंसिक साइंस), चिकित्सा-कानूनी परीक्षण, फिंगरप्रिंट, सूचना प्रौद्योगिकी, पुलिस वीडियोग्राफी और श्वान दस्ते से संबंधित प्रतियोगिताएं शामिल थीं। नागपुर शहर पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इन सभी क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और व्यावसायिक क्षमता का प्रदर्शन किया।

तकनीकी और वैज्ञानिक जांच में दिखाया कौशल

प्रतियोगिता में पुलिसकर्मियों ने अपराधों की जांच से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, निरीक्षण क्षमता और डिजिटल तकनीक के उपयोग में अपनी दक्षता प्रदर्शित की। फॉरेंसिक विज्ञान, फिंगरप्रिंट परीक्षण, सूचना प्रौद्योगिकी तथा पुलिस वीडियोग्राफी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रदर्शन ने नागपुर पुलिस की पेशेवर क्षमता को उजागर किया।

श्वान दस्ते ने भी नारकोटिक्स डिटेक्शन, वाहन की तलाशी, कमरे की तलाशी, आज्ञा पालन और भोजन अस्वीकार करने जैसे परीक्षणों में भाग लिया।इस प्रतियोगिता के लिए अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक दिलीप बंड ने समन्वय अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी निभाई। पुलिस निरीक्षक राखी गेडाम और उनकी टीम ने प्रतियोगियों की पूर्व तैयारी एवं नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगियों को डॉ. आशीष बढी, डॉ. मिती कपूर, अर्धापूरकर, सहायक पुलिस निरीक्षक पूजा लगस, सचिन पानसे, अमोल गरे तथा पुलिस हवलदार दीपक बुलबुले सहित संबंधित विषयों के विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।

पुलिस महानिदेशक ने किया सम्मानित

महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते ने प्रतियोगिता में उपविजेता रही नागपुर शहर पुलिस टीम को सम्मानित किया।

इस उपलब्धि पर नागपुर शहर के पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेंद्र दाभाडे, पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल तथा सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध शाखा) वैभव जाधव के मार्गदर्शन का उल्लेख किया गया। नागपुर शहर पुलिस दल ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी है।

Popular Articles