spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मिनी बस पलटी, 8 की मौत, 15 घायल

– भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहे थे यात्री, 15 फुट गहरे नाले में गिरी बस

कोटा :- राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कराड़िया के पास यात्रियों से भरी एक मिनी बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से नीचे उतर गई और करीब 15 फुट गहरे नाले में जा गिरी। इस हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। घायलों को कोटा के एमबीएस अस्पताल और न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल सहित अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में करीब 17 यात्री सवार थे। सभी यात्री भोपाल से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसा सुबह करीब 6 बजे एक्सप्रेसवे पर पोल नंबर 384 के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

नाले में पानी और गाद से बचाव कार्य में आई दिक्कत

बस सड़क से नीचे नाले में गिरने के कारण यात्रियों को बाहर निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। नाले में जमा पानी और गाद के चलते राहत कार्य प्रभावित हुआ। क्षतिग्रस्त बस को बाहर निकालने और उसमें फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन एम्बुलेंस तैनात की गईं।

सिमलिया थाना प्रभारी नंद सिंह के अनुसार, हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी पीयूष समारिया भी एमबीएस अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से नीचे गिरने की बात सामने आई है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा और दुर्घटना के कारणों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Popular Articles