– खराशी में 300 लोग प्रभावित
– 82 मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती, सभी की हालत खतरे से बाहर
नागपुर/भंडारा :- भंडारा जिले के लाखनी तहसील अंतर्गत खराशी गांव में नवरात्रि के अवसर पर आयोजित भोजन के बाद करीब 300 लोगों के बीमार होने की घटना सामने आई है। बुधवार तड़के कई लोगों को उल्टी, मितली और दस्त की शिकायत होने लगी, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। इनमें से 82 लोगों को खराशी, पालांदूर और भंडारा के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, उपचाराधीन सभी मरीजों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खराशी निवासी जितेंद्र बोंद्रे के यहां नवरात्रि के अवसर पर भोजन का आयोजन किया गया था। इसमें गांव के सैकड़ों लोगों ने भोजन ग्रहण किया। हालांकि, इसके कुछ घंटों बाद बुधवार तड़के कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों को उल्टी, मितली और दस्त की शिकायत होने पर उन्हें उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, करीब 300 लोग इससे प्रभावित हुए हैं।
82 लोगों का अस्पतालों में उपचार
तबीयत अधिक बिगड़ने पर कुछ मरीजों को तत्काल अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, भंडारा के अस्पताल में 11, पालांदूर में 51 और खराशी के अस्पताल में 20 मरीजों का उपचार जारी है। अस्पतालों में भर्ती 82 मरीजों में 36 महिलाएं शामिल हैं। अन्य प्रभावित लोगों को भी जरूरत के अनुसार चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों की टीम खराशी गांव पहुंची। टीम ने प्रभावित लोगों की जांच कर आवश्यक उपचार की व्यवस्था की। जिला स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में भर्ती सभी मरीजों की हालत खतरे से बाहर होने की जानकारी दी है।
इस बीच, भोजन के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए भोजन के नमूने जांच हेतु लिए जाने की जानकारी सामने आई है। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही फूड पॉइजनिंग के सटीक कारण का खुलासा हो सकेगा। नवरात्रि के भोजन के बाद एक ही गांव के सैकड़ों लोगों के बीमार पड़ने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।








