– 240 बेड के छात्रावास समेत अन्य निर्माण कार्यों के लिए कटाई, आपत्तियों के लिए 7 दिन
नागपुर :- शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसी) परिसर में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए 26 पेड़ों की कटाई का प्रस्ताव है। नागपुर महानगरपालिका के उद्यान एवं वृक्ष प्राधिकरण विभाग ने सार्वजनिक सूचना जारी कर नागरिकों से सात दिनों के भीतर लिखित आपत्तियां मांगी हैं।
छात्रावास के लिए 23 पेड़ काटने का प्रस्ताव
जीएमसी के डीन ने 240 बेड के छात्रावास के निर्माण में बाधक 23 पेड़ों को काटने की अनुमति मांगी है। इनमें 17 से 46 वर्ष पुराने 21 कैसिया, 49 वर्ष पुराना एक पेल्टोफोरम और 48 वर्ष पुराना एक बबूल का पेड़ शामिल है। इन सभी को गैर-विरासत वृक्ष की श्रेणी में रखा गया है। जीएमसी के चिकित्सा अधीक्षक अविनाश गावंडे ने कक्ष क्रमांक 4 और 5 के पास प्रतीक्षालय के निर्माण के लिए 36 से 38 वर्ष पुराने दो गुलमोहर के पेड़ों को काटने की अनुमति मांगी है। ये दोनों पेड़ भी गैर-विरासत श्रेणी में हैं।
51 साल पुराने विरासत नीम पर भी संकट
सोमवारी क्वार्टर स्थित इमारत में नए शहरी स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए करीब 51 वर्ष पुराने नीम के पेड़ को काटने का प्रस्ताव है। इस पेड़ को विरासत वृक्ष घोषित किया गया है।
7 दिन में दर्ज कराएं आपत्ति
नागरिक प्रस्तावित कटाई के विरोध में कारणों सहित लिखित आपत्ति वृक्ष अधिकारी, नागपुर महानगरपालिका, सिविल लाइंस कार्यालय में सात दिनों के भीतर जमा करा सकते हैं। इसके लिए वैध पहचान पत्र देना अनिवार्य है। निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। फिलहाल पेड़ों की कटाई को अंतिम मंजूरी नहीं मिली है।








