नागपुर :- धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस के अवसर पर दीक्षाभूमि से ड्रैगन पैलेस, चिचोली स्थित शांतिवन और शहर के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए मनपा के परिवहन विभाग ने विशेष बस सेवा संचालित की। परिवहन विभाग के प्रशासनिक अधिकारी योगेश लुंगे के अनुसार, 18 से 20 अक्टूबर के दौरान कुल 58,084 यात्रियों ने इस सेवा का लाभ लिया। इसके लिए मनपा ने 267 बसें तैनात की थीं।
18 अक्टूबर को दीक्षाभूमि से ड्रैगन पैलेस मार्ग पर 12 बसों से 1,204 यात्रियों ने सफर किया। 19 अक्टूबर को इस मार्ग पर 49 बसें चलाई गईं, जिनसे 9,625 अनुयात्रियों ने यात्रा की। इसी दिन दीक्षाभूमि से चिचोली के लिए छह बसों के माध्यम से 534 यात्रियों ने सफर किया।
20 अक्टूबर को 41 हजार से अधिक यात्रियों ने की यात्रा:
धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस के मुख्य दिन 20 अक्टूबर को दीक्षाभूमि से ड्रैगन पैलेस जाने के लिए सर्वाधिक 41,175 अनुयात्रियों ने ‘आपली बस’ सेवा का लाभ लिया। इसके लिए 145 बसें लगाई गई थीं। इसके अतिरिक्त नारा, चिचोली, नारी, गांधी पुतला, बेलतरोड़ी, यशोधरानगर और गिड्डोबानगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए भी बस सेवाएं संचालित की गईं।
मनपा की स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और परिवहन संबंधी व्यवस्थाओं का उद्देश्य धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस पर नागपुर पहुंचे अनुयायियों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना और शहर में स्वच्छता बनाए रखना था।








