– दादरा-नगर हवेली में नागपुर ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई, 6.26 करोड़ का माल जब्त
नागपुर :- नागपुर ग्रामीण पुलिस ने प्रतिबंधित नायलॉन मांजे की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाते हुए दादरा और नगर हवेली के औद्योगिक क्षेत्र में नायलॉन मांजा बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फैक्ट्री से तैयार नायलॉन मांजा, उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली मशीनें, कच्चा माल और पैकिंग सामग्री सहित कुल 6 करोड़ 26 लाख 43 हजार 450 रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 8 दिसंबर 2025 को कलमेश्वर पुलिस थाना क्षेत्र के गोंडखैरी स्थित वीआरएल लॉजिस्टिक्स यार्ड में एक कंटेनर से प्रतिबंधित नायलॉन मांजा ले जाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। कंटेनर से नायलॉन मांजे की 1,200 प्लास्टिक चकरियां जब्त की गई थीं, जिनकी कीमत 14 लाख 40 हजार रुपये थी। परिवहन में इस्तेमाल कंटेनर की कीमत 20 लाख रुपये आंकी गई थी। इस प्रकार कुल 34 लाख 40 हजार रुपये का माल जब्त किया गया था। मामले में कंटेनर चालक उत्तर प्रदेश निवासी छविनाथ मोहन निषाद (30) के खिलाफ कलमेश्वर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान स्थानीय अपराध शाखा ने जब्त मांजे के मूल स्रोत का पता लगाने के लिए विभिन्न राज्यों में जांच की। कंटेनर में मिले दस्तावेजों के आधार पर गुजरात में भी एक टीम भेजी गई, लेकिन वहां दिया गया पता फर्जी निकला। इसके बाद पुलिस ने अन्य सबूतों और कड़ियों को जोड़ते हुए जांच जारी रखी। इसी दौरान दादरा और नगर हवेली के औद्योगिक क्षेत्र में मांजा बनाने की जानकारी सामने आई।

बंद कंपनी में चल रही थी जांच
पुलिस को दादरा और नगर हवेली के डेमनी रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में मार्मिक इंडस्ट्रीज कंपनी के बारे में जानकारी मिली। कंपनी बंद होने के कारण पुलिस ने न्यायालय से तलाशी की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद 21 अक्टूबर 2026 को स्थानीय प्रशासन के समन्वय से कंपनी खोलकर पंचों की मौजूदगी में तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान 88 हजार से अधिक नायलॉन मांजे की चकरियां, मांजा बनाने और उसे चकरियों पर लपेटने वाली मशीनें, कच्चा माल, पाउडर, पैकिंग सामग्री, रबर स्टांप तथा विभिन्न ब्रांडों के नाम से तैयार मांजा मिला। पुलिस ने इन सभी वस्तुओं को जब्त कर लिया। पुलिस के मुताबिक, जब्त तैयार नायलॉन मांजे की कीमत 5 करोड़ 9 लाख 3 हजार 100 रुपये है, जबकि मांजा बनाने वाली मशीनों की कीमत करीब 95 लाख रुपये बताई गई है। कच्चे माल और अन्य सामग्री सहित कुल जब्ती का मूल्य 6 करोड़ 26 लाख 43 हजार 450 रुपये है।
इस कार्रवाई से प्रतिबंधित नायलॉन मांजे के परिवहनकर्ताओं पर कार्रवाई करने के साथ-साथ उसके उत्पादन के मूल स्रोत तक पहुंचने में नागपुर ग्रामीण पुलिस को सफलता मिली है। मामले की आगे की जांच जारी है। यह कार्रवाई नागपुर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार और अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा ने की। पुलिस निरीक्षक अंकुश माने के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक स्नेहल राऊत की टीम ने गोपनीय जानकारी, तकनीकी सबूतों और लगातार जांच के आधार पर मांजे की आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाया।








