– नागपुर में 34 डाक मतपत्र अवैध,204 वैध
– नागपुर स्नातक सीट पर भाजपा-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर
नागपुर :- महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के लिए मतगणना प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य के तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में कुल 182 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य तय होना है। इनमें नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के नतीजे पर विशेष नजरें टिकी हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के गृह जिले नागपुर में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। ऐसे में भाजपा के सुधाकर कोहले और कांग्रेस के अभिजीत वंजारी के बीच मुकाबले के परिणाम को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता है।
नागपुर के मानकापुर स्थित विभागीय क्रीड़ा संकुल में सुबह 8 बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई। हालांकि, शुरुआती एक घंटे में मतपत्रों की छंटाई और गिनती की तैयारियों पर जोर रहा। सुबह 9 बजे तक उम्मीदवारों को मिले मतों की वास्तविक गिनती शुरू नहीं हुई थी।

84 टेबल पर मतगणना, गठ्ठे बनाने की प्रक्रिया जारी
नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के लिए 84 टेबल लगाए गए हैं। सबसे पहले मतपेटियों से मतपत्र निकालकर उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार व्यवस्थित किया जा रहा है। इसके बाद 25-25 मतपत्रों के गठ्ठे तैयार किए जा रहे हैं। प्रारंभिक प्रक्रिया के तहत दोपहर 1 बजे तक गठ्ठों को व्यवस्थित करने का पांचवां दौर जारी था।
गठ्ठे बनाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को मिले मतों की प्राथमिकता क्रम के अनुसार गणना शुरू होगी। पहले चरण में करीब 84 हजार मतों की गणना की प्रक्रिया प्रस्तावित है। इसके साथ ही डाक मतपत्रों की गणना भी की जानी है।
238 डाक मतपत्रों में 34 अवैध
मतगणना के बीच डाक मतपत्रों के प्रारंभिक आंकड़े भी सामने आए हैं। कुल 238 डाक मतपत्रों में से 34 मतपत्र अवैध पाए गए, जबकि 204 मतपत्र वैध घोषित किए गए हैं। इस तरह कुल डाक मतपत्रों में लगभग 14.28 प्रतिशत अवैध और 85.72 प्रतिशत वैध हैं।
वैध डाक मतपत्रों की गणना निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी। इन मतों का अंतिम परिणाम पर क्या प्रभाव पड़ेगा, यह आगे की मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा।

64.76 प्रतिशत मतदान, 38 उम्मीदवार मैदान में
नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2 लाख 55 हजार 603 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 1 लाख 65 हजार 541 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस प्रकार यहां 64.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस सीट पर कुल 38 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
नागपुर को भाजपा का मजबूत राजनीतिक केंद्र माना जाता है। ऐसे में इस निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम सत्तारूढ़ भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री फडणवीस और केंद्रीय मंत्री गडकरी के गृह जिले में मुकाबले को लेकर राजनीतिक दलों और समर्थकों की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं।
फिलहाल दोपहर 1 बजे तक मतपत्रों को व्यवस्थित करने और गिनती की प्रारंभिक प्रक्रिया जारी है। वास्तविक मतगणना और प्राथमिकता क्रम के आधार पर परिणाम सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मतदाताओं ने किस उम्मीदवार के पक्ष में अपना फैसला सुनाया है। रात 10 बजे तक चुनाव परिणाम आने की संभावना है।
84 टेबलों पर मतगणना शुरु
नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की मतगणना के लिए मानकापुर स्टेडियम में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। मंगलवार, 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई। इसके लिए स्टेडियम में 84 टेबलों पर मतगणना शुरु हुई। 110 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था में यह मतगणना प्रक्रिया जारी है। प्रशासन के अनुसार, मतपत्रों की गिनती की प्रक्रिया 24 घंटे से अधिक समय तक चल सकती है। जरूरत पड़ने पर इसे 48 घंटे तक जारी रखने की तैयारी है।








