– लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से डाक द्वारा भेजे गए धमकी भरे पत्र
10 लाख की फिरौती मांगी, तीन दिन का दिया अल्टीमेटम
नागपुर :- फिल्म अभिनेता सलमान खान को पहले धमकी देने और अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी का उल्लेख करने वाली लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से अब नागपुर के सराफा कारोबारियों को निशाना बनाया गया है। शहर के 12 सराफा व्यापारियों को लाखों रुपये की फिरौती मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है। डाक के जरिए एक के बाद एक पहुंचे धमकी भरे पत्रों का मामला रविवार को सामने आने के बाद व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दीपावली जैसे बड़े त्योहार से ठीक पहले मिली इन धमकियों से सराफा कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शहर के इतवारी स्थित सराफा बाजार और बजाजनगर क्षेत्र के कुछ सराफा कारोबारियों को कुछ घंटों के अंतराल में धमकी भरे पत्र मिले। ये पत्र साधारण कागज पर हाथ से लिखकर डाक के माध्यम से भेजे गए हैं। पत्र भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए व्यापारियों से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी है। साथ ही रकम की व्यवस्था करने के लिए तीन दिन की मोहलत दी गई है।
पत्र में धमकी देते हुए कहा गया है कि निर्धारित समय में रकम नहीं दी गई तो व्यापारियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। धमकी देने वाले ने उनके परिजनों को भी निशाना बनाने की बात लिखी है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिस तरह टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की गई, उसी तरह व्यापारियों को भी निशाना बनाया जा सकता है।
पुलिस से संपर्क करने पर भी धमकी
धमकी भरे पत्र में आरोपित ने दावा किया है कि वह अब तक चार लोगों की हत्या कर चुका है। व्यापारियों को पुलिस से मदद नहीं लेने की चेतावनी भी दी गई है। पत्र में लिखा गया है कि यदि पुलिस को इसकी जानकारी दी गई तो इसके परिणाम अच्छे नहीं होंगे। इस तरह की धमकियों से व्यापारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सराफा संगठन ने पुलिस आयुक्त से की मुलाकात
मामले की गंभीरता को देखते हुए नागपुर जिला सराफा व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजेश रोकड़े ने तत्काल पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल से संपर्क किया। उन्होंने धमकी भरे पत्रों की प्रतियां पुलिस आयुक्त को सौंपते हुए पूरे मामले की जानकारी दी। सराफा संगठन की ओर से पुलिस आयुक्त को लिखित निवेदन भी दिया गया है। इसमें व्यापारियों की सुरक्षा बढ़ाने, धमकी देने वालों का पता लगाने और मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की गई है।
पहले भी बिश्नोई गैंग के नाम से मिल चुकी है धमकी
गौरतलब है कि नागपुर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी देने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले प्रतापनगर पुलिस थाना क्षेत्र में रहने वाले एक सेवानिवृत्त शिक्षक और उनकी बेटी को भी इसी गैंग के नाम से फिरौती मांगकर जान से मारने की धमकी दी गई थी। सेवानिवृत्त शिक्षक की बेटी कनाडा में रहती है। उसके ई-मेल पर धमकी भरा संदेश भेजे जाने की जानकारी सामने आई थी।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के चलते शहर के व्यापारिक वर्ग में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। फिलहाल, 12 सराफा कारोबारियों को मिले पत्रों के पीछे वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ है या किसी ने गैंग के नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने की कोशिश की है, यह जांच का विषय है। पुलिस जांच के बाद ही धमकी देने वालों की असली पहचान और उनके नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।








