– केमफील्ड कंपनी में रात 9.30 बजे हुआ धमाका, दीवार का हिस्सा ढहा
नागपुर :- कलमेश्वर एमआईडीसी स्थित केमफील्ड कंपनी में शनिवार रात करीब 9.30 बजे स्टीम बॉयलर अचानक फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि फैक्ट्री की दीवार का एक हिस्सा ढह गया। हादसे में तीन मजदूर घायल हो गए। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।
हादसे में घायल हुए मजदूरों की पहचान नीरज यादव, रवि निषाद और 18 वर्षीय जून बांड सिंह के रूप में हुई है। तीनों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसी रात छुट्टी दे दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तापमान में अचानक उतार-चढ़ाव के कारण बॉयलर में विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर कलमेश्वर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस विस्फोट के कारणों और फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल कर रही है।







