– दहेगांव-खापरखेड़ा मार्ग पर सब्बल नाले के पास हादसा
नागपुर/खापरखेड़ा :- दहेगांव-खापरखेड़ा मार्ग पर शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मोपेड पर बैठी 70 वर्षीय दादी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। मृतक की पहचान हनुमान मंदिर के पास, वलनी बस्ती निवासी ऋषिकेश कवडू वंजाल (22) के रूप में हुई है, जबकि घायल दादी का नाम चिमाबाई वंजाल (70) है।
जानकारी के अनुसार ऋषिकेश नागपुर के मैक्स अस्पताल में नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। शनिवार शाम करीब 5.15 बजे ऋषिकेश अपनी दादी को मोपेड से लेकर वलनी से दहेगांव रंगारी होते हुए खापरखेड़ा जा रहा था। इसी दौरान सब्बल नाले के पास पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक एमएच-40/सीए-7873 ने मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऋषिकेश सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दादी सड़क किनारे जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए नागपुर के मेयो अस्पताल भेजा, जबकि घायल चिमाबाई को दहेगांव रंगारी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।








