– चार शेड जलकर खाक, आठ दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
नागपुर :- पूर्व नागपुर के वर्धमान नगर स्थित स्मॉल फैक्टरी एरिया में रविवार सुबह करीब 7 बजे भीषण आग लग गई। आग की चपेट में ट्रांसपोर्ट कंपनियों के चार शेड आ गए। प्लास्टिक से बने शेड और उनमें रखे ज्वलनशील सामान के कारण कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। राहत की बात है कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
स्मॉल फैक्टरी एरिया में कई ट्रांसपोर्ट कंपनियों के शेड बने हुए हैं, जिनमें ट्रक और अन्य वाहनों को रखा जाता है। रविवार सुबह एक शेड में अचानक आग लगी। शेड प्लास्टिक के होने के कारण आग तेजी से फैल गई और आसपास के तीन अन्य शेड भी इसकी चपेट में आ गए। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर से दिखाई देने के कारण मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। चार शेड में आग लगने की पुष्टि की गई है। दमकल विभाग के अनुसार, शेड में प्लास्टिक, टायर, आइस कैन, ड्रम और फर्नीचर सहित बड़ी मात्रा में सामान रखा था। इसके कारण आग तेजी से फैली और धुएं का घना गुबार उठा। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया।
शेड की अनुमति और फायर एनओसी की होगी जांच
पुलिस के अनुसार, इन शेड का निर्माण अधिकृत रूप से किया गया था या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। मनपा की निर्माण अनुमति और अग्निशमन विभाग की फायर एनओसी ली गई थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल होगी। जांच में मनपा, अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीमें शामिल रहेंगी।








