– फिलहाल नए हमले की जरूरत नहीं, लेकिन अमेरिकी सेना अलर्ट
वॉशिंगटन :- अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य टकराव को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बड़ा बयान दिया है। ट्रम्प का कहना है कि ईरान के साथ युद्ध सैन्य दृष्टि से लगभग समाप्त हो चुका है और फिलहाल अमेरिका को नए हमले करने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि परिस्थितियों में किसी भी तरह का बदलाव होने पर अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार है। ट्रम्प के इस बयान को दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष में तनाव कम होने के संभावित संकेत के रूप में देखा जा रहा है। दूसरी ओर, ईरान ने भी युद्ध समाप्त करने और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने को लेकर अपनी शर्तें सामने रखी हैं।
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रम्प ने कहा कि सैन्य दृष्टि से ईरान का मामला लगभग खत्म हो चुका है। उनके अनुसार, ईरान का नेतृत्व काफी कमजोर हो गया है और उसकी सैन्य क्षमताओं को भी बड़ा नुकसान पहुंचा है। हालांकि, अमेरिका की प्राथमिकता अभी भी यह सुनिश्चित करना है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम लंबे समय तक आगे न बढ़ सके। ट्रम्प ने यह बयान कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल थानी के साथ मुलाकात के बाद दिया। बैठक समाप्त होने के बाद वह अचानक व्हाइट हाउस के ब्रीफिंग रूम पहुंचे और वहां मौजूद पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने ईरान के साथ युद्ध की मौजूदा स्थिति और भविष्य की अमेरिकी रणनीति पर अपनी बात रखी।
बातचीत सफल रही तो टल सकते हैं नए हमले
ट्रम्प ने ईरान पर दोबारा सैन्य कार्रवाई की धमकी से पीछे हटने के संकेत भी दिए हैं। इससे पहले रविवार को सीएनएन को दिए एक टेलीफोन इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि यदि ईरान के साथ बातचीत में सकारात्मक प्रगति होती है और दोनों पक्ष किसी मजबूत समझौते पर पहुंचते हैं, तो अमेरिका को दोबारा हमला करने की जरूरत पड़ने की संभावना काफी कम हो जाएगी।
अमेरिका की प्रमुख चिंता ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बनी हुई है। ट्रम्प प्रशासन चाहता है कि किसी भी संभावित समझौते में ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर दीर्घकालिक प्रतिबंध और निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित हो। ऐसे में आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच कूटनीतिक बातचीत की दिशा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
युद्ध का असर अमेरिकी राजनीति पर भी
ईरान के साथ जारी संघर्ष का असर अब अमेरिकी घरेलू राजनीति पर भी दिखाई देने लगा है। ट्रम्प ने ऐसे समय युद्ध को लेकर यह बयान दिया है, जब अमेरिका में मिडटर्म चुनावों के नतीजों को लेकर उनकी रिपब्लिकन पार्टी पर राजनीतिक दबाव बढ़ा है। युद्ध के दौरान ईंधन की कीमतों में हुई बढ़ोतरी और उसके कारण आम लोगों पर पड़े आर्थिक बोझ को लेकर अमेरिकी मतदाताओं में नाराजगी की चर्चा रही है.
ईरान की शर्त-युद्ध खत्म हुआ तो 48 घंटे में खोलेंगे होर्मुज
दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि यदि अमेरिका सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त करता है, तो ईरान दो दिनों के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य को जहाजों की आवाजाही के लिए खोल सकता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि अमेरिका को पहले ईरान की शर्तों को स्वीकार करना होगा। ऐसा नहीं होने पर ईरान जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार है।
अराघची ने दावा किया कि ईरान ने अपनी सैन्य तैयारियों को मजबूत किया है। हथियारों की क्षमता बढ़ाने के साथ सेना की कमजोरियों को दूर करने और नए हथियारों का परीक्षण करने पर भी काम किया गया है। उन्होंने कहा कि ईरानी सेना किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह सतर्क है। फिलहाल, ट्रम्प के ताजा बयान और ईरान की ओर से रखी गई शर्तों के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर दोनों देशों के अगले कदम पर टिकी है। युद्ध समाप्त करने के लिए कूटनीतिक रास्ता निकलता है या क्षेत्र में सैन्य तनाव और बढ़ता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।






