मनीला :- दुनिया के सबसे शक्तिशाली नेताओं का एक बड़ा मंच पर जुटना हमेशा ही वैश्विक राजनीति की दिशा तय करता है। 16 नवंबर को फिलीपींस की राजधानी मनीला में ऐसा ही कुछ देखने को मिल सकता है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ASEAN शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के साथ-साथ QUAD नेताओं की अहम बैठक में शामिल होने के लिए मनीला जा सकते हैं। इस दौरे पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि लगभग दो साल के लंबे अंतराल के बाद क्वाड के चारों सदस्य देशों के शीर्ष नेता एक साथ एक टेबल पर बैठने जा रहे हैं।
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल का पहला बड़ा QUAD सम्मेलन
इस शिखर सम्मेलन की सबसे खास बात यह है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल का यह पहला QUAD लीडर्स समिट होगा। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की ओर से आए बयानों ने इस हलचल को और ज्यादा तेज कर दिया है। ट्रंप प्रशासन हिंद-प्रशांत क्षेत्र में क्वाड समूह को कितनी तरजीह देता है और वह भारत, जापान व ऑस्ट्रेलिया के साथ अपने रणनीतिक रिश्तों को किस दिशा में आगे बढ़ाना चाहता है, इसका साफ-साफ खाका इस बैठक के जरिए दुनिया के सामने आ जाएगा।
दो साल से थमी हलचल को मिलेगी नई रफ्तार
क्वाड देशों के शीर्ष नेताओं की पिछली बड़ी मुलाकात 21 सितंबर 2024 को अमेरिका के विलमिंगटन में हुई थी। इसके बाद मंत्री स्तर की बातचीत तो चलती रही, लेकिन शीर्ष नेताओं का महाजुटान नहीं हो सका। 2025 में भारत को इसकी मेजबानी करनी थी, पर कई वजहों से कार्यक्रम आगे नहीं बढ़ सका। ऐसे में मनीला में होने जा रही यह प्रस्तावित बैठक रुकी हुई प्रक्रियाओं को फिर से गति देने और वैश्विक मंच पर चारों देशों की साख को मजबूत करने का एक बेहतरीन मौका साबित होगी।
दक्षिण चीन सागर और चीन की गतिविधियों पर खास नजर
दक्षिण चीन सागर में चीन का आक्रामक रवैया किसी से छिपा नहीं है। फिलीपींस के साथ चीन का समुद्री सीमा को लेकर लंबा विवाद चल रहा है। चूंकि यह समुद्री रास्ता दुनिया के बड़े व्यापार और तेल की आवाजाही के लिए रीढ़ की हड्डी माना जाता है, इसलिए यहां जरा सी भी अशांति पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को हिला सकती है। मनीला में होने वाली बातचीत के दौरान समुद्री सुरक्षा, जहाजों की बिना रोक-टोक आवाजाही और अंतरराष्ट्रीय नियमों का कड़ाई से पालन कराने जैसे अहम मुद्दों पर चारों देश कड़ा रुख अपना सकते हैं।
फिलीपींस के साथ भारत के प्रगाढ़ हो सकते हैं और बेहतर संबंध
यह यात्रा केवल चार देशों के मंच तक सीमित नहीं है, बल्कि द्विपक्षीय नजरिए से भी भारत के लिए बहुत मायने रखती है। भारत और फिलीपींस दोनों ही हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के हिमायती हैं। फिलीपींस साल 2026 में ASEAN की अध्यक्षता संभाल रहा है, और 13 से 15 नवंबर के दौरान वहां 49वां ASEAN सम्मेलन आयोजित हो रहा है। पीएम मोदी की इस संभावित यात्रा से दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार, तकनीक और समुद्री सुरक्षा के नए रास्ते खुलेंगे।






