– 25 करोड़ की संपत्ति,50 तोला सोना, आलीशान विला, 25 एकड़ कृषि भूमि और नकदी मिली
हैदराबाद :- तेलंगाना में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में सिंचाई विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नगरकुर्नूल जिले में पदस्थ उपकार्यकारी अभियंता आर. सत्यनारायण (44) के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी के दौरान 25 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का पता चला है। तलाशी में आलीशान विला, कृषि भूमि, आवासीय भूखंड, सोना, वाहन और विभिन्न निवेश से जुड़ी संपत्तियां सामने आई हैं। कार्रवाई के बाद एसीबी ने अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी की केंद्रीय जांच इकाई ने आर. सत्यनारायण के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया था। गुरुवार को जांच दल ने एक साथ 10 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें हैदराबाद के करमनघाट स्थित उनका आवास, नगरकुर्नूल स्थित कार्यालय तथा हैदराबाद, वानपर्थी और नगरकुर्नूल में उनके रिश्तेदारों एवं परिवार के सदस्यों से जुड़े ठिकाने शामिल थे। जांच एजेंसी को कुछ कथित बेनामी संपत्तियों की जानकारी भी मिली है। छापेमारी शुरू होने के समय सत्यनारायण वानपर्थी जिले के घनपुर मंडल स्थित अपने पैतृक गांव शापुर में थे। बाद में एसीबी की टीम उन्हें करमनघाट स्थित उनके आवास पर लेकर पहुंची और तलाशी प्रक्रिया पूरी की।
25 एकड़ जमीन और करोड़ों का विला
जांच के दौरान एसीबी को वानपर्थी जिले में 25 एकड़ कृषि भूमि और उस पर निर्मित दो मंजिला फार्महाउस मिला। इसके अलावा टुकुगुड़ा में लगभग सात करोड़ रुपये मूल्य का 5,200 वर्गफुट का आलीशान विला भी सामने आया है।
संपत्तियों में करमनघाट की एक गेटेड कॉलोनी में तीन शयनकक्षों वाला फ्लैट, नागोल में दो शयनकक्षों का एक अन्य फ्लैट और नगरकुर्नूल में नौ आवासीय भूखंड भी शामिल हैं।
50 तोला सोना और कई वाहनों का पता
तलाशी के दौरान करीब 50 तोला सोना तथा चिटफंड और म्यूचुअल फंड में निवेश किए गए लगभग 25 लाख रुपये की जानकारी मिली। इसके अलावा तीन चारपहिया वाहन, एक दुपहिया वाहन और एक ट्रैक्टर भी मिला है। एसीबी इन सभी संपत्तियों के स्रोत और उनके वास्तविक स्वामित्व की जांच कर रही है।
न्यायालय में पेश किया जाएगा आरोपी अधिकारी
छापेमारी और दस्तावेजों की जांच के बाद एसीबी ने आर. सत्यनारायण को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें न्यायिक हिरासत की मांग के साथ शुक्रवार को हैदराबाद के नामपल्ली स्थित एसीबी की विशेष अदालत में पेश किए जाने की जानकारी है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि अधिकारी ने कथित रूप से इतनी बड़ी संपत्ति किन माध्यमों से अर्जित की और इसमें अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है।






