spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

किराए के फ्लैट से चल रहा था ड्रग्स का कारोबार, 3 गिरफ्तार

– हैदराबाद से नागपुर लाई जा रही थी नशे की खेप, हुडकेश्वर पुलिस की कार्रवाई

नागपुर :- शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हुडकेश्वर पुलिस ने दिघोरी चौक स्थित सर्वश्री नगर के एक अपार्टमेंट में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी किराए का कमरा लेकर रह रहे थे और इसी ठिकाने से नागपुर में एमडी और गांजे की तस्करी का कारोबार संचालित कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक किलो गांजा और 10 ग्राम एमडी बरामद की है। जब्त नशीले पदार्थों और अन्य सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 52 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सर्वश्री नगर स्थित आवेशी अपार्टमेंट में कुछ लोग किराए का कमरा लेकर रह रहे हैं और वहां से शहर में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे हैं। सूचना के आधार पर हुडकेश्वर पुलिस ने अपार्टमेंट में दबिश दी। तलाशी के दौरान पार्किंग परिसर से गांजा और एमडी बरामद हुई। इस कार्रवाई में पुलिस ने सर्वश्री नगर निवासी महबूब खान (47), आजाद कॉलोनी, बड़ा ताजबाग निवासी राजिक अली (28) और हैदराबाद निवासी पोटोला राजकरण राजू (21) को गिरफ्तार किया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि नशे की खेप हैदराबाद से नागपुर लाई गई थी। आरोपी किराए के कमरे की आड़ में शहर में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे। अब पुलिस इस नेटवर्क के पीछे सक्रिय सप्लायरों और नागपुर में नशे का कारोबार करने वाले अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

किराए के फ्लैट को तस्करी का अड्डा बनाकर चलाए जा रहे इस कारोबार का खुलासा होने के बाद पुलिस अब हैदराबाद से नागपुर तक फैले ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Popular Articles