– मेडिकल चौक हत्याकांड में दो साथी भी गिरफ्तार
नागपुर :- शहर के व्यस्त मेडिकल चौक पर गुरुवार देर रात हुए सनसनीखेज हत्याकांड में अजनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपने ही जीजा की धारदार हथियारों से हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी साले आयुष धुपे और उसके दो साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। इस घटना से शहर में खलबली मच गई थी। मृतक की पहचान रामबाग निवासी पलाश उर्फ गन्नी प्रकाश वासनिक (31) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:30 बजे पलाश मेडिकल चौक से गुजर रहा था। इसी दौरान उसका साला आयुष धुपे अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और उसे रोक लिया। बताया जाता है कि दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने धारदार हथियारों से पलाश पर कई वार किए और मौके से फरार हो गए। गंभीर चोटों के कारण पलाश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। शहर के व्यस्त चौराहे पर हुई इस वारदात से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और पंचनामा किया। डीसीपी दीपक अग्रवाल, डीसीपी रश्मिता राव और एसीपी नरेंद्र हिवरे सहित अजनी एवं हुड़केश्वर थाने के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक दल को भी बुलाया गया। घटनास्थल पर जमा भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
अजनी पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए मुख्य आरोपी आयुष धुपे और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब वारदात में शामिल चौथे आरोपी की तलाश कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के जरिए हत्या के पीछे के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
पलाश पर चार बार हो चुकी थी एमपीडीए की कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पलाश पिछले करीब एक दशक से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूटपाट, जबरन वसूली, दंगा, डकैती की तैयारी, मारपीट और चोरी जैसे मामलों में कई प्रकरण दर्ज थे। उसके खिलाफ इमामवाड़ा, अजनी, हुड़केश्वर और सावनेर पुलिस थानों में भी मामले दर्ज होने की जानकारी है।
एक आरोपी अब भी फरार
अजनी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी आयुष धुपे और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे पैसों के लेन-देन का विवाद होने की आशंका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






