– जमाबंदी रिकॉर्ड देने के नाम पर मांगे थे 1,000 रुपये
नागपुर :- नागपुर महानगरपालिका में भ्रष्टाचार का एक मामला सामने आया है। पत्नी के नाम पर दर्ज मकान का जमाबंदी रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के बदले 1 हजार रुपये की रिश्वत मांगने वाले महानगरपालिका के कर संग्राहक को भ्रष्टाचार प्रतिबंधक विभाग (एसीबी) ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 25 वर्षीय गौरव राजू वानखेड़े के रूप में हुई है। वह नागपुर महानगरपालिका में कर संग्राहक के पद पर कार्यरत है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 62 वर्षीय शिकायतकर्ता को अपनी पत्नी के नाम पर दर्ज मकान का जमाबंदी रिकॉर्ड प्राप्त करना था। इसके लिए उन्होंने 12 नवंबर को संबंधित कार्यालय में आवेदन किया था। आरोप है कि रिकॉर्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करने के बदले कर संग्राहक गौरव वानखेड़े ने उनसे 1 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। रिश्वत देने की इच्छा नहीं होने के कारण शिकायतकर्ता ने 12 नवंबर को ही नागपुर एसीबी कार्यालय पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पंचों और वॉयस रिकॉर्डर की मदद से रिश्वत मांगने के आरोपों का सत्यापन किया। जांच के दौरान आरोपी द्वारा 1 हजार रुपये की रिश्वत मांगने और रकम स्वीकार करने की सहमति जताने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। गुरुवार, 12 नवंबर को शाम करीब 5 बजे शिकायतकर्ता से पंचों की मौजूदगी में जैसे ही आरोपी गौरव वानखेड़े ने 1 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, पहले से तैनात एसीबी की टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। इस कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ सदर पुलिस थाने में भ्रष्टाचार प्रतिबंधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। एसीबी की टीम मामले में आगे की जांच कर रही है।






