spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

फिर दिखा मोगरकसा का रहस्यमयी ‘ब्लैक पैंथर’

– दीदार होते ही पर्यटकों में छाई खुशी, लापता होने की अटकलों पर विराम

नागपुर/रामटेक :- वन्यजीव प्रेमियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। पिछले कई महीनों से नजर नहीं आने के कारण चर्चा में रहा मोगरकसा का प्रसिद्ध काला तेंदुआ ‘ब्लैक पैंथर’ गुरुवार, 12 नवंबर की सुबह एक बार फिर पर्यटकों को दिखाई दिया। मोगरकसा गेट परिसर में हुई इस दुर्लभ झलक से पर्यटकों, वन्यजीव प्रेमियों, शोधकर्ताओं और स्थानीय गाइडों में खुशी की लहर दौड़ गई।

सुबह की सफारी के दौरान घनी झाड़ियों से बाहर निकलते हुए काले तेंदुए को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। उस समय परिसर में मौजूद करीब 10 सफारी जिप्सियों में सवार पर्यटकों को इसे करीब से देखने का अवसर मिला। नेचर गाइड निलेश मेहर और निखिल मेहर ने इस यादगार पल को अपने कैमरों में कैद किया। कुछ महीने पहले मोगरकसा और मध्य प्रदेश के पेंच वन क्षेत्र से इस काले तेंदुए के गायब होने की खबरें सामने आई थीं। लंबे समय तक पर्यटकों को इसकी झलक नहीं मिली और न ही वन विभाग के कैमरा ट्रैप में इसकी मौजूदगी दर्ज हुई थी। इससे उसके दूसरे जंगल में चले जाने को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे।

आखिरी बार लेंडेझरी क्षेत्र में देखा गया था

वन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, इसे आखिरी बार मोगरकसा आरक्षित वन के लेंडेझरी क्षेत्र में देखा गया था। विशेषज्ञों के अनुसार, काला तेंदुआ शर्मीला और मुख्य रूप से रात्रिचर वन्यजीव है, इसलिए उसका लंबे समय तक नजर नहीं आना स्वाभाविक है। अब मोगरकसा गेट पर दोबारा दिखाई देने से उसके लापता होने की चर्चाओं पर विराम लग गया है। इस दुर्लभ वन्यजीव के फिर से दर्शन होने के बाद आने वाले दिनों में मोगरकसा में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Popular Articles