– कोलीतमारा सफारी गेट खुला, सौर ऊर्जा से चलने वाली बोट सफारी शुरू
नागपुर :- विश्व प्रसिद्ध पेंच व्याघ्र परियोजना में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। रविवार, 8 नवंबर 2026 को कोर क्षेत्र के कोलीतमारा सफारी गेट का विधिवत उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही पेंच नदी के विशाल जलाशय में बहुप्रतीक्षित पर्यावरण अनुकूल ‘सोलर बोट सफारी’ का भी शुभारंभ हुआ। इन दोनों सुविधाओं से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को गति मिलने के साथ ही स्थानीय ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर निर्माण होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार के वित्त, नियोजन, कृषि, राहत एवं पुनर्वास, विधि एवं न्याय तथा श्रम विभाग के राज्यमंत्री आशीष जायसवाल और रामटेक लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्यामकुमार बर्वे प्रमुख रूप से उपस्थित थे। अतिथियों ने फीता काटकर कोलीतमारा सफारी गेट का उद्घाटन किया। साथ ही हरी झंडी दिखाकर सफारी वाहनों और सोलर बोट को रवाना किया। कार्यक्रम में पेंच व्याघ्र परियोजना के उपसंचालक अक्षय गजभिए, पश्चिम पेंच के वनपरिक्षेत्र अधिकारी नितिन जाधव, नागलवाड़ी के वनपरिक्षेत्र अधिकारी अभिजीत इलमकर, स्थानीय सरपंच उरमाले, ग्रामवासी, इको डेवलपमेंट कमेटी के अध्यक्ष तथा वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
इस दौरान राज्यमंत्री आशीष जायसवाल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने से ग्रामीणों का शहरों की ओर होने वाला पलायन रोका जा सकेगा। इससे तेजी से बढ़ते शहरीकरण के कारण पैदा होने वाली समस्याओं को कम करने में भी मदद मिलेगी। इसके तहत पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं, सड़कें, रिसॉर्ट और होमस्टे विकसित किए जाएंगे।
सांसद श्यामकुमार बर्वे ने कहा कि कोलीतमारा सफारी गेट को दोबारा शुरू करने की मांग स्थानीय नागरिक लंबे समय से कर रहे थे। इस मांग को शासन स्तर पर उठाने और लगातार प्रयास करने के बाद गेट फिर से शुरू हुआ है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। पेंच व्याघ्र परियोजना के उपसंचालक अक्षय गजभिए ने कोलीतमारा क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में पर्यटकों को बाघ, तेंदुआ, गौर, चीतल और सांभर जैसे वन्यजीवों को देखने का अवसर मिलेगा। सफारी गेट शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
सौर ऊर्जा से चलेगी बोट सफारी, नहीं होगा प्रदूषण
कोलीतमारा गेट के शुभारंभ के साथ पेंच नदी के जलाशय में सोलर बोट सफारी भी शुरू की गई है। यह पूरी तरह सौर ऊर्जा से संचालित होगी। शून्य उत्सर्जन की अवधारणा पर आधारित इस सफारी में इंजन का शोर और धुआं नहीं होगा। इससे जलीय जीवों और नदी के किनारे विचरण करने वाले वन्यजीवों को कम से कम परेशानी होगी। पर्यटक शांत वातावरण में जल पर्यटन का आनंद ले सकेंगे।
केरल से लाई गई 24 यात्रियों की क्षमता वाली दो अत्याधुनिक और आरामदायक सोलर बोट पर्यटकों की सेवा में शामिल की गई हैं। इनके माध्यम से पर्यटकों को पेंच के जलाशय में वन्यजीवों और विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
पक्षी और वन्यजीवों के दीदार का मिलेगा अवसर
सोलर बोट सफारी के दौरान पर्यटक पेंटेड स्टॉर्क, सर्पपक्षी, शिकारी मत्स्य गरुड़, ग्रे हेरॉन और किंगफिशर जैसी पक्षी प्रजातियों को देख सकेंगे। इसके अलावा नदी किनारे पानी पीने आने वाले बाघ, गौर, चीतल और सांभर के साथ जलाशय में मौजूद विशाल मगरमच्छों को देखने का अवसर भी मिलेगा। सफारी के दौरान नांदपुर के आसपास स्थित वाकाटक कालीन प्राचीन साम्राज्य के ऐतिहासिक अवशेषों को भी करीब से देखने का मौका मिलेगा।
स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते
कोलीतमारा स्थित वन विभाग का पर्यटन परिसर भी पर्यटकों की सुविधा के लिए तैयार है। सफारी गेट और सोलर बोट सफारी शुरू होने से कोलीतमारा सहित आसपास के गांवों के युवाओं को गाइड, सफारी वाहन चालक, खानपान और आतिथ्य सेवाओं के क्षेत्र में रोजगार मिल सकेगा। वन पर्यटन के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और ग्रामीणों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर तैयार करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






