– क्राइम ब्रांच का छापा, तीन आरोपी गिरफ्तार
नागपुर :- शहर में अवैध रूप से चल रहे हुक्का पार्लरों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच की यूनिट क्रमांक-2 ने अंबाझरी थाना क्षेत्र के एक कैफे में छापेमारी कर हुक्का पार्लर पर कार्रवाई की। इस दौरान तंबाकू जन्य पदार्थों का इस्तेमाल कर ग्राहकों को हुक्का उपलब्ध कराते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सहयोग नगर, रामनगर, तेलंगखेड़ी, अंबाझरी निवासी पप्पू उर्फ विकास राजू डागोर (33), हरिजन कॉलोनी, जरीपटका निवासी हर्ष विजय कंगाले (19) और बेसनबाग, जरीपटका निवासी नितिन बालकृष्ण जाधव (35) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को शाम करीब 4 बजे दो पंचों की मौजूदगी में Genz कैफे की जांच की गई। इस दौरान आरोपी अपने पास मौजूद हुक्का पॉट में तंबाकू जन्य पदार्थ भरकर ग्राहकों को उपलब्ध कराते मिले। मौके से 4 हुक्का पॉट, 5 हुक्का पाइप, 2 फिल्टर, अलग-अलग फ्लेवर के 3 पैकेट, 2 मिट्टी की चिलम, कोयला पकड़ने का चिमटा, कोयले की छलनी सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। जब्त सामान की कुल कीमत 13,820 रुपये बताई गई है। क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने आरोपियों के खिलाफ कोटपा अधिनियम और महाराष्ट्र संशोधन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों और जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अंबाझरी पुलिस के हवाले कर दिया।






