– अपहरण कर बेरहमी से पीटा, आरोपी अक्षय फरार
नागपुर :- नाबालिग किशोरी को प्रेमजाल में फंसाने की जानकारी उसकी मामी को होने और विरोध करने पर एक कुख्यात आरोपी द्वारा महिला की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले महिला का अपहरण किया और फिर वाठोडा इलाके में ले जाकर लाठी से बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना नंदनवन पुलिस थाना क्षेत्र के राजेंद्रनगर परिसर की है। मृतका की पहचान नंदनवन झोपड़पट्टी निवासी प्रियंका महेश सावरकर (35) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी नंदनवन निवासी अक्षय शालीकराम करोटे (30) बताया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अक्षय ने करीब दो साल पहले प्रियंका की 16 वर्षीय भांजी को अपने प्रेमजाल में फंसाया था। इसके बाद दोनों नियमित रूप से मिलते थे। कुछ दिन पहले अक्षय ने नाबालिग के साथ मारपीट की थी। इसकी जानकारी उसकी मामी प्रियंका को मिली। प्रियंका द्वारा इस मामले में विरोध किए जाने पर आरोपी ने उसे किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसी बीच किशोरी की दादी को भी पूरे मामले की जानकारी हो गई। उन्होंने नाबालिग को आरोपी से दूर रहने की चेतावनी दी। आरोपी अक्षय को शक हुआ कि प्रियंका ने ही यह बात दादी को बताई है। इसी बात से गुस्साए अक्षय ने प्रियंका का नंदनवन परिसर से अपहरण कर लिया। उसे बाइक पर बैठाकर वाठोडा इलाके में ले गया और वहां लाठी से सिर, हाथ और पैरों पर बेरहमी से वार किए। इसके बाद आरोपी महिला को घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया।
घटना के दो दिन बाद प्रियंका की तबीयत बिगड़ने पर पहले उसे निजी अस्पताल और फिर मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन, गुरुवार शाम करीब 6 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर वाठोडा पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई की, लेकिन घटनास्थल नंदनवन थाना क्षेत्र में आने के कारण मामला नंदनवन पुलिस को सौंप दिया गया। नंदनवन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी अक्षय करोटे की तलाश शुरू कर दी है।
कुख्यात अपराधी है अक्षय
पुलिस के अनुसार, आरोपी अक्षय करोटे आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ हत्या, घरफोड़़ी सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इससे पहले भी उस पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।






