spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

किसानों की खेती पर दोहरी मार! WCL की कोयला धूल से किसानों की फसलें बर्बाद, करीब 100 एकड़ जमीन प्रभावित;, किसानों को भारी आर्थिक नुकसान; विधायक डॉ. राजीव पोद्दार ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

– विधायक डॉ. राजीव पोतदार और किसानों की दो टूक मांग – प्रभावित जमीन का उचित मुआवजा देकर अधिग्रहण करें या हर साल होने वाले फसल नुकसान की भरपाई करें।

नागपुर :- WCL की कोयला खदानों से निकलने वाले कोयले से भरे वाहनों के कारण क्षेत्र के किसानों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। कोयले से भरी गाड़ियों के आवागमन के दौरान उड़ने वाली कोयले की धूल आसपास के खेतों में फैल रही है। इसके चलते करीब 100 एकड़ कृषि भूमि पर खेती कर रहे किसानों की कपास सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। खेतों में खड़ी फसलों पर कोयले की धूल जमने से किसानों की सालभर की मेहनत पर पानी फिर रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक डॉ. राजीव पोतदार ने तत्काल संज्ञान लिया और घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा कृषि विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावित फसलों का निरीक्षण करने, नुकसान का आकलन करने और विस्तृत पंचनामा तैयार करने के निर्देश दिए।

इस दौरान किसानों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि WCL की कोयला परिवहन गतिविधियों के कारण उन्हें हर साल फसलों के नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार नुकसान झेलने के कारण अब खेती करना भी मुश्किल होता जा रहा है। किसानों ने स्पष्ट मांग रखी कि WCL प्रबंधन लगभग 100 एकड़ प्रभावित कृषि भूमि का उचित मुआवजा देकर अधिग्रहण करे, ताकि किसानों को इस परेशानी से स्थायी राहत मिल सके। अन्यथा हर साल होने वाले फसल नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।

विधायक डॉ. राजीव पोतदार ने किसानों की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए WCL प्रबंधन से तत्काल चर्चा कर उचित समाधान निकालने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और उनकी आजीविका के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कृषि अधिकारियों द्वारा किए गए सर्वे के आधार पर नुकसान का आकलन कर किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

विधायक पोतदार ने WCL प्रबंधन से यह भी मांग की कि कोयले से भरे वाहनों को पूरी तरह ढककर परिवहन किया जाए तथा सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में उड़ने वाली कोयला धूल को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसानों की फसलें प्रभावित न हों।

वहीं आक्रोशित किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी फसलों के नुकसान की भरपाई नहीं की गई और कोयले की धूल रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था नहीं बनाई गई, तो वे WCL का काम बंद करने के लिए मजबूर होंगे।

इस अवसर पर क्षेत्र के दोनों गांवों के सरपंचों ने भी विधायक पोतदार को निवेदन सौंपकर स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षित अंडरपास बनाने की मांग भी रखी, ताकि किसानों और आम नागरिकों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।

विधायक डॉ. राजीव पोतदार ने WCL के महाप्रबंधक एवं संबंधित अधिकारियों से किसानों की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने और सभी मांगों का गंभीरता से निराकरण करने की बात कही।

विधायक डॉ. राजीव पोतदार ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसानों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। लगभग 100 एकड़ प्रभावित कृषि भूमि के मामले में स्थायी समाधान, उचित मुआवजा और कोयले की धूल से फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। किसानों को न्याय मिलने तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाया जाएगा।

किसानों की मेहनत पर कोयले की धूल का कहर अब और बर्दाश्त नहीं होगा – किसानों को चाहिए न्याय, मुआवजा और स्थायी समाधान!

Popular Articles