spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

फर्जी न्यूज के नाम पर वसूली मामले की जांच करेगी SIT

– ‘श्रेष्ठ न्यूज’ ने 72 ग्राम पंचायतों से 4.59 लाख वसूले, 4 गिरफ्तार

नागपुर :- ‘श्रेष्ठ न्यूज’ के नाम पर विज्ञापन देने का दबाव बनाकर और ग्राम पंचायतों में अनियमितताओं का खुलासा करने की धमकी देकर सरपंचों से उगाही करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का नागपुर ग्रामीण पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मध्यप्रदेश के भोपाल से चार महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि गिरोह आठ राज्यों के सरपंचों और ग्रामसेवकों को निशाना बनाकर तीन कॉल सेंटरों के माध्यम से संगठित तरीके से वसूली कर रहा था। मामले की गंभीरता और अंतरराज्यीय नेटवर्क को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनिका लाल सिंह सूर्यवंशी (28), नेहा लाल सिंह सूर्यवंशी (23), अक्षरा मिलिंद अरक (21) और कोमल मोहन मोरे (23) के रूप में हुई है। सभी मध्यप्रदेश के निवासी हैं। इन्हें भोपाल से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।

72 ग्राम पंचायतों से 4.59 लाख की वसूली

पुलिस जांच में अब तक विदर्भ के विभिन्न जिलों की 72 ग्राम पंचायतों से जुड़े पीड़ितों से आरोपियों द्वारा कुल 4 लाख 59 हजार 400 रुपये वसूलने की जानकारी सामने आई है। गिरोह के सदस्य विज्ञापन के नाम पर पैसे मांगते थे। रकम नहीं देने पर ग्राम पंचायतों में कथित गड़बड़ियों को उजागर करने और बदनामी करने की धमकी दी जाती थी।

आठ राज्यों में फैले इस नेटवर्क के अन्य पीड़ितों और आरोपियों के साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों से जुड़े बैंक खाते फ्रीज कर दिए हैं। इन खातों में हुए वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जाएगी। वसूली गई रकम, उसके हस्तांतरण और पूरे आर्थिक नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

जांच के लिए विशेष टीम गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए नागपुर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार और अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के के आदेश पर 18 नवंबर 2026 को विशेष जांच दल गठित किया गया।

इस एसआईटी टीम की अध्यक्षता सहायक पुलिस अधीक्षक एवं कन्हान उपविभागीय पुलिस अधिकारी शशांत एन. एम. करेंगे। नरखेड़ पुलिस स्टेशन की प्रभारी अधिकारी सहायक पुलिस निरीक्षक मंगला मोकासे को जांच अधिकारी तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस उपनिरीक्षक धवल देशमुख को सहायक जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। चारों महिला आरोपियों को अदालत ने 21 नवंबर 2026 तक पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस उनके अन्य साथियों, संभावित पीड़ितों और विभिन्न राज्यों में फैले नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

पीड़ितों से संपर्क करने की अपील

नागपुर ग्रामीण पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी सरपंच, ग्रामसेवक या नागरिक से ‘श्रेष्ठ न्यूज’ के नाम पर विज्ञापन के बहाने पैसे मांगे गए हों अथवा बदनामी की धमकी देकर वसूली की गई हो, तो वे विभाग के सहायक पुलिस अधीक्षक शशांत एन. एम. : 9019323120 और सहायक पुलिस निरीक्षक मंगला मोकासे : 8380850350 से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते है।

Popular Articles