– 500 से अधिक चालकों का आक्रोश मोर्चा, सीएम फडणवीस के नाम सौंपा ज्ञापन
नागपुर :- शहर की प्रमुख सड़कों पर ई-रिक्शा के आवागमन पर लगाए गए प्रतिबंधों के खिलाफ चालकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को 500 से अधिक ई-रिक्शा चालकों ने अपनी मांगों को लेकर आक्रोश मोर्चा निकाला। चालकों ने शहर की सभी 13 प्रतिबंधित सड़कों पर ई-रिक्शा चलाने की अनुमति देने, चालान की दर आधी करने और जब्त किए गए वाहनों को तत्काल छोड़ने की मांग की।
विदर्भ राज्य आंदोलन समिति (वीआरएएस) की ई-रिक्शा चालक एवं मालिक शाखा की ओर से आयोजित यह मोर्चा वैरायटी चौक से निकाला गया। शहर अध्यक्ष नरेश निमजे के नेतृत्व में मोर्चा मुख्यमंत्री एवं राज्य के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस के धरमपेठ स्थित निवास की ओर बढ़ा। इस दौरान चालकों ने यातायात विभाग द्वारा की जा रही कथित सख्त कार्रवाई और भारी चालान के खिलाफ भी प्रदर्शन किया। समिति के युवा शाखा के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश मसरकर ने कहा कि प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंध के कारण ई-रिक्शा चालकों की रोजाना की कमाई प्रभावित हो रही है। इससे उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सभी 13 प्रतिबंधित मार्गों पर आवागमन की अनुमति देने और चालान की राशि 50 प्रतिशत कम करने की मांग की। साथ ही यातायात विभाग द्वारा जब्त किए गए ई-रिक्शा तत्काल छोड़ने की मांग भी उठाई।
महाराजबाग चौक पर पुलिस ने रोका मोर्चा
मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ रहे मोर्चे को पुलिस ने महाराजबाग चौक पर रोक दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी भी हुई। आयोजकों का दावा है कि मोर्चे के कारण करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। इसके बाद मोर्चे को संविधान चौक की ओर मोड़ दिया गया, जहां प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। बाद में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नाम संबोधित ज्ञापन निवासी उपजिलाधिकारी अनूप हांडे को सौंपा गया।
ई-रिक्शा चालकों के लिए अलग महामंडल बनाने की मांग
समिति ने ई-रिक्शा चालकों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए अलग से ‘ई-रिक्शा आर्थिक विकास महामंडल’ स्थापित करने की मांग भी की। मुकेश मसरकर ने कहा कि इस महामंडल के माध्यम से चालकों के कल्याण, आर्थिक सहायता और सामाजिक विकास के लिए योजनाएं संचालित की जानी चाहिए। समिति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तीव्र किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपते समय नरेश निमजे, शहर युवा शाखा अध्यक्ष गिरीश तितरमारे, जिला अध्यक्ष प्रशांत नखाते, प्रमोद बंसोड, ओमप्रकाश मोघाटे, नितेश मोहाडिकर, जॉय बंगाडकर, लक्ष्मी ढोले, सैयद खुर्शीद अली, विजय पांडे और मनोज गणवीर सहित अन्य पदाधिकारी एवं ई-रिक्शा चालक उपस्थित थे।






