नई दिल्ली :- साउथ सिनेमा की अभिनेत्री श्रीलीला इन दिनों अपनी फिल्म ‘ओम’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के पहले शो के दौरान अभिनेत्री खुद चेन्नई के एक सिनेमाघर पहुंचीं, जहां उन्हें देखकर दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। फिल्म खत्म होने के बाद उनके साथ सेल्फी लेने के लिए फैंस की भीड़ जमा हो गई।
20 नवंबर को रिलीज हुई फिल्म ‘ओम’ के पहले शो का आनंद लेने श्रीलीला चेन्नई के एक थिएटर पहुंची थीं। इस दौरान दर्शकों को अचानक अपनी पसंदीदा अभिनेत्री को सामने देखकर काफी खुशी हुई। फिल्म खत्म होने के बाद जब श्रीलीला बाहर निकलीं, तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।
कई प्रशंसक अभिनेत्री के साथ तस्वीर खिंचवाना चाहते थे। भीड़ लगातार बढ़ने के कारण श्रीलीला को बाहर निकलने में परेशानी होने लगी। हालात को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभाला और उन्हें भीड़ से सुरक्षित निकालकर उनकी गाड़ी तक पहुंचाया।
इस दौरान के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में श्रीलीला दर्शकों से बातचीत करती और उनका अभिवादन स्वीकार करती दिखाई दे रही हैं।
फिल्म देखने के बाद अभिनेत्री ने मीडिया से बातचीत में अपना अनुभव साझा किया। फ्री प्रेस जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलीला ने कहा कि दर्शकों के बीच बैठकर फिल्म देखना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम और कलाकारों की तारीफ करते हुए लोगों से सिनेमाघरों में फिल्म देखने की अपील की।
श्रीलीला ने यह भी कहा कि फिल्म में सभी कलाकारों ने शानदार काम किया है। वह चाहती हैं कि दर्शक खुद फिल्म देखें और उसके बारे में अपनी राय बनाएं।
अभिनेत्री की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनकी एक झलक पाने के लिए थिएटर के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो भी उनके प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह दिखा रहे हैं।






