मुंबई :- साउथ फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री कीर्ति सुरेश इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘सत्यवान सावित्री’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में फिल्म के प्रमोशन के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी। अब अभिनेत्री ने इस पूरे विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए लोगों को करारा जवाब दिया है।
दरअसल, चेन्नई में फिल्म के प्रचार के लिए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी। इस कार्यक्रम में फिल्ममेकर मिस्किन भी मौजूद थे, जो फिल्म में अभिनय करते नजर आएंगे। कार्यक्रम के दौरान मिस्किन ने कीर्ति को उनकी फिल्म ‘डोरोथी’ में शानदार अभिनय के लिए गोल्ड ज्वेलरी भेंट की और उन्हें आशीर्वाद दिया।
इस घटना के कुछ वीडियो इंटरनेट पर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कुछ लोगों ने अभिनेत्री के हावभाव को लेकर सवाल उठाए और उनके असहज होने की बातें कही।
अब कीर्ति सुरेश ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट किया है कि उनके और मिस्किन के बीच पिता और बेटी जैसा रिश्ता है। अभिनेत्री ने सवाल उठाया कि लोगों को उनके चेहरे पर असहजता आखिर कहां दिखाई दी।
कीर्ति ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने वालों को समझाते हुए कहा कि किसी भी घटना को गलत नजरिए से देखना ठीक नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पर्दे पर कलाकारों के साथ होने वाले दृश्यों और वास्तविक जिंदगी के रिश्तों को एक जैसा नहीं समझना चाहिए।
अभिनेत्री की इस प्रतिक्रिया के बाद बैड टच विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। कीर्ति ने साफ कर दिया कि वह अपने और मिस्किन के रिश्ते को लेकर फैल रही गलतफहमियों से सहमत नहीं हैं।





