– असली नोटों के बदले थमा दी नकली करेंसी,गुजरात से आरोपी गिरफ्तार
नागपुर :- हवाला कारोबार के जरिए एक शहर से दूसरे शहर तक सुरक्षित रकम पहुंचाने का भरोसा दिलाकर 40 लाख रुपये की ठगी किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने असली नोटों के बदले नकली करेंसी थमाकर इतवारी के एक किराना कमीशन एजेंट को लाखों रुपये का चूना लगा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसील पुलिस ने जाल बिछाकर गुजरात निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आशंका है कि इस धोखाधड़ी के पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जिसका नेटवर्क नागपुर से अहमदाबाद तक फैला हो सकता है। इस गिरोह ने अन्य व्यापारियों को भी निशाना बनाया होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, इतवारी निवासी हितेश केसवानी(46) लकड़गंज में किराना सामान के कमीशन एजेंट हैं। उन्हें अहमदाबाद के एक व्यापारी को 40 लाख रुपये का भुगतान करना था। इसी दौरान मां दुर्गा ट्रांसपोर्ट के नाम से संपर्क करने वाले व्यक्ति ने हवाला नेटवर्क से जुड़े होने का दावा करते हुए रकम सुरक्षित पहुंचाने का भरोसा दिलाया। आरोपियों ने देश के कई शहरों में अपना नेटवर्क होने और अहमदाबाद में मजबूत व्यवस्था होने की बात कही। उनके झांसे में आकर हितेश केसवानी ने हवाला के माध्यम से रकम पहुंचाने के लिए 40 लाख रुपये सौंप दिए। इसके बाद प्रमोद नामक व्यक्ति रकम की डिलीवरी देने अहमदाबाद पहुंचा। वहां, संबंधित व्यापारी को जब रकम सौंपी गई और उसने नोटों की जांच की, तो पता चला कि असली नोटों की जगह जाली करेंसी थमा दी गई है। व्यापारी ने तत्काल हितेश केसवानी को फोन कर इसकी जानकारी दी। मामले की शिकायत मिलने के बाद तहसील पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच और जाल बिछाने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि नागपुर के प्लास्टिक व्यापारी अविनाश जैन को भी इसी कंपनी की ओर से 10 लाख रुपये सुरक्षित पहुंचाने के लिए संपर्क किया गया है। पुलिस ने इस जानकारी को आधार बनाकर आरोपियों को पकड़ने की योजना बनाई और उनके एजेंट को रकम लेने के लिए नागपुर बुलाया।
इसी दौरान गुजरात निवासी नितेश कुमार संजीव शर्मा जैसे ही पैसे लेने नागपुर पहुंचा, तहसील पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि अहमदाबाद में जाली नोटों को प्रचलन में लाने से संबंधित मामला दर्ज है। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों, जाली नोटों के स्रोत और इस पूरे गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। इस मामले का एक और चौंकाने वाला पहलू यह है कि आरोपियों ने इसी तरीके से अन्य व्यापारियों को भी निशाना बनाया है। बदनामी और कानूनी कार्रवाई के डर से कुछ पीड़ित सामने आने से बच रहे हैं। ऐसे में पुलिस उन व्यापारियों की भी जानकारी जुटा रही है, जो हवाला के नाम पर इस तरह की धोखाधड़ी का शिकार हुए हो सकते हैं।






