– बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह का विवादित बयान
– हिंदुओं की हत्याओं का बदला लेने की कही बात
कोलकाता :- बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर जारी राजनीतिक तनाव के बीच पश्चिम बंगाल के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि 16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याओं का बदला लेने की बात भी कही।
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में अर्जुन सिंह ने कहा, ‘हम 16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर लेंगे। अब बहुत हो चुका है। बांग्लादेश को लेकर और कोई बहाना नहीं चलेगा। वहां जिस तरह हिंदुओं की हत्याएं हुई हैं, उसका बदला हमें जरूर लेना होगा।’ मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब शेख हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। उनकी पार्टी अवामी लीग के प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली ने बताया कि हसीना की वापसी के लिए बांग्लादेश सरकार से राष्ट्रीय विमान सेवा के विमान की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है।
हसीना की वापसी पर बांग्लादेश का सख्त रुख
शेख हसीना की वापसी की खबरों पर बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हसीना की वापसी केवल प्रत्यर्पण प्रक्रिया के तहत ही संभव है। उन्हें कैदी के रूप में हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है।
कबीर ने कहा कि इच्छा और वास्तविकता में अंतर होता है। किसी व्यक्ति की वापसी उसकी इच्छा के अनुसार नहीं, बल्कि कानूनी प्रक्रिया के तहत होगी। उन्होंने 16 दिसंबर को हसीना की प्रस्तावित वापसी को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी सवाल उठाए। गौरतलब है कि शेख हसीना अगस्त 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद भारत में रह रही हैं। उनकी वापसी की घोषणा और बांग्लादेश सरकार की सख्त प्रतिक्रिया के बीच दोनों देशों के संबंधों तथा क्षेत्रीय राजनीतिक हालात पर चर्चा तेज हो गई है।






