नागपुर :- शहर में अपराधियों की धरपकड़ के लिए सक्रिय क्राइम ब्रांच यूनिट क्रमांक 6 की टीम ने तड़ीपारी आदेश का उल्लंघन करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान इंदिरा प्रगति नगर, वार्ड नंबर-2, महादुला, नागपुर निवासी अक्षय रमेश पाइकराव (30) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को शाम करीब 5 बजे क्राइम ब्रांच यूनिट-6 की टीम कोराडी थाना क्षेत्र में अपराधियों की तलाश में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो साल के लिए नागपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र से तड़ीपार किया गया अक्षय पाइकराव अपने घर आया हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम इंदिरा प्रगति नगर स्थित उसके घर पहुंची। वहां घर के बाहर संदिग्ध दिखाई देने पर पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की तैयारी में था, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। जांच में सामने आया कि पुलिस उपायुक्त परिमंडल क्रमांक-6 ने 21 अक्टूबर को अक्षय पाइकराव को दो साल के लिए नागपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र से तड़ीपार किया था। इसके बावजूद उसने बिना अनुमति प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर आदेश का उल्लंघन किया। इसके बाद कोराडी पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आगे की कार्रवाई के लिए आरोपी को कोराडी पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।






