– रोजाना 15 से 20 लाख रुपये के दांव की चर्चा
– जुआरियों के कथित मददगारों और मुखबिरी नेटवर्क पर उठे सवाल
सावनेर, संवाददाता :- सावनेर तहसील की अदासा खदान के ओबी (ओवरबर्डन) परिसर में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर जुआ संचालित होने की चर्चाओं ने क्षेत्र में हलचल मचा दी है। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस परिसर में प्रतिदिन लाखों रुपये का जुआ खेले जाने की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के दावों के अनुसार, यहां रोजाना 15 से 20 लाख रुपये तक के दांव लगाए जाने की चर्चा है। हालांकि, इन आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। बताया जा रहा है कि इस कथित जुआ गतिविधि में नागपुर, पारशिवनी, सावनेर और आसपास के क्षेत्रों से बड़े जुआरियों की आवाजाही होती है। इतना ही नहीं, इस कथित खेल से रोजाना लाखों रुपये की नाल वसूली होने की भी चर्चा है।
अदासा ओबी परिसर से जुड़ी इन चर्चाओं के बीच सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पुलिस की कार्रवाई में बाधा बनने वाले कथित बिचौलियों और मुखबिरी करने वालों की पहचान होनी चाहिए। केवल जुआ खेलने वालों तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि यदि कोई व्यक्ति जुआ संचालकों को सूचना पहुंचाने, निगरानी करने या उन्हें कथित संरक्षण देने में शामिल पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस प्रशासन से अपेक्षा है कि वह इस परिसर की वास्तविक स्थिति की जांच करे और जरूरत पड़ने पर अचानक निरीक्षण तथा प्रभावी कार्रवाई करे, ताकि किसी को भी कार्रवाई से पहले सतर्क होकर बच निकलने का अवसर न मिले।
मास्टर माइंड को लेकर सस्पेंस
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अदासा ओबी परिसर में कथित जुए के इस खेल के पीछे वास्तविक चेहरे कौन हैं? कौन हैं वे कथित बिचौलिए, जो पर्दे के पीछे रहकर पूरे नेटवर्क को मदद पहुंचाने की चर्चा में हैं? पुलिस की कार्रवाई को सफल बनाने के लिए ऐसे लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच बेहद जरूरी है। अदासा परिसर में कानून का राज कायम रहे और किसी भी अवैध गतिविधि को किसी भी प्रकार का कथित संरक्षण न मिले, यही क्षेत्र की जनता की अपेक्षा है।
आखिर अदासा ओबी परिसर ही क्यों बना कथित अड्डा?
परिसर का विशाल क्षेत्रफल और अलग-अलग दिशाओं से आने-जाने के रास्तों को देखते हुए यहां कथित गतिविधियों को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। स्थानीय स्तर पर कुछ अन्य विभागों के कर्मचारियों और अधिकारियों की आवाजाही की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि, किसी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।
ऐसे में खदान प्रबंधन और संबंधित विभागों को भी परिसर में होने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखने की आवश्यकता है। यदि किसी कर्मचारी या बाहरी व्यक्ति की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है, तो उसकी जांच नियमानुसार की जानी चाहिए।
कार्रवाई से पहले ही कैसे सतर्क हो जाते हैं जुआरी?
यहां पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाने के बजाय उन लोगों की भूमिका की जांच जरूरी है, जो कानून की कार्रवाई से पहले ही जुआरियों को सतर्क करने का काम कर रहे है, यह भी एक चर्चा का विषय हैं।
पुलिस प्रशासन अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अपने स्तर पर कार्रवाई करता रहा है। ऐसे में यदि किसी स्थान पर कथित मुखबिरी या सूचना लीक होने का नेटवर्क सक्रिय है, तो उसकी पहचान करना भी उतना ही जरूरी है। सवाल यह है कि क्या अदासा ओबी परिसर में कुछ लोगों को इसी उद्देश्य से तैनात किया गया है कि पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखी जाए? क्या इन कथित बिचौलियों के कारण जुआ संचालकों को पहले ही सतर्क होने का अवसर मिल रहा है? इन तमाम पहलुओं की गुप्त और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर जुआरियों को संरक्षण?
इस पूरे मामले में अदासा ओबी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र को लेकर कुछ सवाल सामने आ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर ऐसी चर्चाएं हैं कि परिसर में आने-जाने वाले लोगों और बाहरी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कुछ लोगों की तैनाती की गई है? स्थानीय सूत्रों के अनुसार, परिसर में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखे जाने की चर्चा है। इसी क्रम में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या परिसर की निगरानी व्यवस्था से संबंधित सूचनाओं का उपयोग किसी अन्य उद्देश्य के लिए तो नहीं किया जा रहा है? हालांकि, पुलिस की संभावित कार्रवाई से पहले किसी को सूचना दिए जाने या जुआ संचालकों को सतर्क किए जाने संबंधी दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ऐसे में यह जानना महत्वपूर्ण है कि परिसर में निगरानी की क्या व्यवस्था है, इसके लिए कौन जिम्मेदार है और इस व्यवस्था की जवाबदेही किसके पास है। संबंधित प्रबंधन को इन सवालों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि किसी भी तरह की गलतफहमी या अनावश्यक संदेह की स्थिति न बने। फिलहाल, किसी भी कर्मचारी, सुरक्षा कर्मी या प्रबंधन से जुड़े व्यक्ति की संलिप्तता का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है। पूरे मामले में तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच और संबंधित पक्षों का पक्ष सामने आना आवश्यक है।






