नागपुर :- शहर में ऑटो से सफर करने वाली एक महिला को चोर ने अपना निशाना बनाते हुए उसके पर्स से करीब 2 लाख 66 हजार रुपये कीमत के सोने के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात नंदनवन थाना क्षेत्र में जगनाड़े चौक से दर्शन कॉलोनी के बीच हुई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भंडारा जिले के शहापुर निवासी छाया प्रकाश धुमरे (47) वर्तमान में नागपुर की दर्शन कॉलोनी में रहती हैं। 12 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2.40 बजे वह शहापुर से नागपुर स्थित अपने घर लौट रही थीं। इस दौरान जगनाड़े चौक से दर्शन कॉलोनी के बीच ऑटो में सफर करते समय किसी अज्ञात चोर ने उनकी नजर चुराकर पर्स में रखे करीब 70 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण पार कर दिए। चोरी गए गहनों की कुल कीमत 2 लाख 66 हजार रुपये बताई गई है। काफी समय बाद चोरी का पता चलने पर महिला ने 24 नवंबर को नंदनवन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस उपनिरीक्षक दीपाली गाठे ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और आगे की जांच जारी है।






