– स्वदेशी एंटी-ड्रोन सिस्टम का पोखरण में सफल परीक्षण
– रॉकेट और माइक्रो-मिसाइल से एक साथ कई ड्रोन होंगे तबाह
नागपुर :- दुश्मन के ड्रोन हमलों से निपटने के लिए भारत ने रक्षा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (एसडीएएल) ने पूरी तरह स्वदेशी वाहन आधारित एंटी-ड्रोन प्रणाली ‘भार्गवास्त्र’ के आंतरिक विकास परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। 20 से 24 नवंबर तक राजस्थान की पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में हुए इन परीक्षणों के साथ देश की ड्रोन रोधी रक्षा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
‘भार्गवास्त्र’ भारत का पहला स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित दो-स्तरीय वाहन आधारित काउंटर स्वार्म ड्रोन सिस्टम है। इसकी खासियत यह है कि यह दुश्मन के ड्रोन झुंड से निपटने के लिए एयर डिफेंस रॉकेट और गाइडेड माइक्रो-मिसाइलों का इस्तेमाल करता है। इससे एक साथ कई हवाई लक्ष्यों को निशाना बनाया जा सकता है।
सेना की जरूरत से आगे बढ़कर विकसित किया उन्नत संस्करण
रक्षा मंत्रालय ने 9 जुलाई 2024 को भारतीय सेना की जरूरतों के अनुसार मेक-II श्रेणी में इस प्रणाली के विकास का आदेश दिया था। इसकी निर्धारित समयसीमा 31 मार्च 2027 है। शुरुआती योजना के तहत रॉकेट आधारित वर्जन-1 का प्रोटोटाइप तैयार करने और सफल प्रदर्शन के बाद इसके 12 सेट विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
हालांकि, कंपनी ने अपनी पहल पर इसका उन्नत वर्जन-2 भी विकसित किया है। इसमें इन्फ्रारेड सीकर और स्वायत्त मार्गदर्शन प्रणाली से लैस गाइडेड माइक्रो-मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया है।
ये हैं ‘भार्गवास्त्र’ की प्रमुख खूबियां
– दो स्तरीय सुरक्षा: एयर डिफेंस रॉकेट और गाइडेड माइक्रो-मिसाइलों के जरिए ड्रोन हमलों का मुकाबला।
-आधुनिक रडार: आरएफ डिटेक्टर और सर्विलांस रडार से दुश्मन के ड्रोन का पता लगाने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने की क्षमता।
– दिन-रात निगरानी: इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सिस्टम से दिन और रात दोनों समय हवाई लक्ष्यों की निगरानी।
– एआई आधारित कमांड सिस्टम: एकीकृत C4I प्रणाली के जरिए सेंसर, ट्रैकिंग और हथियारों के बीच समन्वय।
– शक्तिशाली लॉन्चर: वर्जन-1 में 64 ट्यूब वाला रॉकेट लॉन्चर और वर्जन-2 में 64 माइक्रो-मिसाइल लॉन्चर लगाए गए हैं।






